फतेहगंज पश्चिमी। गांव ठिरिया खेतल के एक खेत में देर शाम जुए की महफिल सजी हुई थी। ताश के पत्तों पर दांव लग रहे थे और रुपयों की बाजी चल रही थी। तभी मुखबिर की सूचना पर सक्रिय हुई फतेहगंज पश्चिमी पुलिस ने मौके पर दबिश देकर पूरे खेल पर पानी फेर दिया। पुलिस ने पांच जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 25 हजार रुपये नकद और 52 ताश के पत्ते बरामद किए हैं। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रविवार को छापेमारी की। पुलिस को देखते ही जुआ खेल रहे लोगों में भगदड़ मच गई, लेकिन घेराबंदी कर पांच आरोपियों को दबोच लिया गया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में रघुवीर, ताहिर, इरशाद, एहसान और तस्लीम शामिल हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपियों में कुछ के खिलाफ पहले भी आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इससे यह भी आशंका जताई जा रही है कि क्षेत्र में लंबे समय से जुए का यह खेल चल रहा था। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। जुआ, सट्टा और अन्य गैरकानूनी कार्यों में लिप्त लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
प्रवन पाण्डेय
इंडियन टीवी न्यूज़
जिला संवाददाता बरेली