फतेहगंज पश्चिमी/बरेली। स्मैक तस्करी के मामले में वांछित चल रहे हिस्ट्रीशीटर मोहम्मद शहीद उर्फ कल्लू डॉन की गिरफ्तारी के लिए मंगलवार शाम पुलिस ने उसके घर पर ताबड़तोड़ दबिश दी। बरेली कोतवाली और फतेहगंज पश्चिमी थाना पुलिस की संयुक्त टीम दो वाहनों में पहुंची और घर के कोने-कोने की तलाशी ली, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी फरार हो गया। इस कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, कुछ माह पूर्व स्मैक तस्करी के एक मामले में गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के दौरान कल्लू डॉन का नाम सामने आया था। जांच में साक्ष्य मिलने के बाद उसे मुकदमे में वांछित किया गया। तभी से पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
मंगलवार को मिली सटीक सूचना के आधार पर संयुक्त पुलिस टीम ने उसके ठिकाने पर छापा मारा। पुलिस को उम्मीद थी कि इस बार आरोपी गिरफ्त में आ जाएगा, लेकिन भनक लगते ही वह मौके से फरार होने में सफल रहा। हालांकि पुलिस का दावा है कि आरोपी ज्यादा दिन कानून से नहीं बच सकेगा।
थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार ने बताया कि मोहम्मद शहीद उर्फ कल्लू डॉन थाने का हिस्ट्रीशीटर है और स्मैक तस्करी के मुकदमे में वांछित चल रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।
गौरतलब है कि स्मैक का अवैध कारोबार युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेल रहा है और समाज के लिए गंभीर चुनौती बना हुआ है। ऐसे में पुलिस की यह कार्रवाई नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा मानी जा रही है। अब लोगों की निगाहें पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं और सवाल यही है कि आखिर कानून से कब तक भागेगा कल्लू डॉन?
प्रवन पाण्डेय
इंडियन टीवी न्यूज़
जिला संवाददाता बरेली