अकरम खान पटेल की रिपोर्ट
चिचोली। सामाजिक सरोकार और युवाओं को सही दिशा देने के उद्देश्य से विकासखंड चिचोली के शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला में नशामुक्ति अभियान के अंतर्गत ‘नशे से दूरी है जरूरी 2.0’ कार्यक्रम का गरिमापूर्ण आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विद्यालय की छात्राओं, शिक्षकों और गणमान्य अतिथियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में थाना प्रभारी चिचोली, विद्यालय के प्राचार्य, विकासखंड युवा समन्वयक अनारकली तुमडाम एवं विकासखंड के समस्त खेल शिक्षक विशेष रूप से उपस्थित रहे।
नशे के खिलाफ एकजुट होने का आह्वान
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिथियों ने नशे के दुष्परिणामों पर प्रकाश डाला और छात्राओं को जागरूक किया:
थाना प्रभारी चिचोली ने कानूनी और सामाजिक पक्षों को रखते हुए कहा कि नशा न केवल स्वास्थ्य को बर्बाद करता है, बल्कि अपराधों को भी बढ़ावा देता है। उन्होंने छात्राओं से अपील की कि वे अपने आस-पास के माहौल को नशामुक्त बनाने में पुलिस और प्रशासन का सहयोग करें।
विकासखंड युवा समन्वयक अनारकली तुमडाम ने युवाओं की ऊर्जा पर जोर देते हुए कहा, “युवा देश का भविष्य हैं। अगर हमारी युवा पीढ़ी नशे से दूर रहकर खेलकूद और शिक्षा की ओर ध्यान देगी, तभी एक सशक्त समाज का निर्माण संभव है। ‘नशे से दूरी है जरूरी 2.0’ अभियान इसी जागरूकता की एक अहम कड़ी है।”
प्राचार्य एवं खेल शिक्षकों ने भी खेल और स्वस्थ जीवन शैली को अपनाने की बात कही, ताकि युवा मानसिक और शारीरिक रूप से मजबूत बन सकें।
नशामुक्ति की ली शपथ
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं, अतिथियों और छात्राओं ने जीवन में कभी भी नशा न करने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की नशामुक्ति शपथ ली।
विद्यालय प्रशासन ने इस सफल और प्रेरणादायक आयोजन के लिए सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं के माध्यम से हर घर तक नशामुक्ति का कड़ा संदेश पहुँचाना था, जिसमें यह आयोजन बेहद सफल रहा।