दुद्धी सोनभद्र।(विवेक सिंह)स्थानीय थाना क्षेत्र के अमवार चौकी अंतर्गत नगवा गाँव में बुधवार शाम अचानक आकाशीय बिजली गिरने से दो महिलाएँ और तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज गरज और चमक के बीच हुई इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब घर के बाहर पेड़ के पास राजमोहनी (32)पत्नी सूर्यप्रकाश और उनकी देवरानी हीरमन (33) पत्नी जगदीश बैठी थीं। अचानक आसमान से आकाशीय बिजली गिरी और दोनों महिलाएँ इसकी चपेट में आ गईं। इस दौरान परिवार के अन्य सदस्य और आसपास के बच्चे भी प्रभावित हुए।
घायलों में राजमोहनी के 7 वर्षीय पुत्र रेनबो और 15 वर्षीय पुत्री सुनैना कुमारी शामिल हैं। वहीं, उसी गाँव में पढ़ने गए संजय राम के 12 वर्षीय पुत्र आशीष भी दुर्घटना में घायल हुआ है।अचानक हुई इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरा मच गई।
घटना की सूचना पर 102 एम्बुलेंस टीम के ईएमटी पंकज व चालक विजय राजभर ने समय पर पहुँचकर घायलों को सीएचसी दुद्धी लाया। जहाँ डॉ. वरुणा निधि व अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की देखरेख में घायलों का उपचार किया जा रहा है।