बहराइच के पयागपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह बेखौफ बदमाशों ने बैंकिंग कॉरेस्पोंडेंट (बीसी) संचालक अयोध्या प्रसाद शुक्ला को निशाना बनाते हुए कट्टे की नोक पर ₹2.53 लाख की नकदी और बीसी मशीन लूट ली।
वारदात भिगुरी पुल के पास उस समय हुई, जब पीड़ित बैंक से नकदी लेकर अपने बीसी केंद्र लौट रहे थे। बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने ओवरटेक कर उन्हें रोका और हथियार के बल पर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव, अपर पुलिस अधीक्षक और एसओजी टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने तीन विशेष टीमें गठित कर दी हैं। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
फिलहाल पुलिस का दावा है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
ब्यूरो चीफ संजय श्रीवास्तव
जनपद बहराइच