ग्राम पंचायत टोकरा में अनियमितताओं की शिकायत, कलेक्टर से जांच की मांग
— अकरम खान पटेल की रिपोर्ट
बैतूल। चिचोली जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत टोकरा में पंचायत के कार्यों में कथित वित्तीय अनियमितता एवं विकास कार्यों में लापरवाही की शिकायत ग्रामीणों ने जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर से की। शिकायतकर्ता ग्रामीणों ने सचिव, सह-सचिव एवं सरपंच पर मिलीभगत से करीब 20 लाख रुपए की राशि में चार माह के दौरान गबन किए जाने का आरोप लगाते हुए मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।
शिकायत में बताया कि ग्राम पंचायत क्षेत्र में नल-जल योजना के कार्य अधूरे होने के बावजूद उन्हें पूर्ण दर्शाया गया है। इसी तरह पुलिया एवं बाउंड्रीवाल निर्माण में भी राशि के संबंध में अनियमितता का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता के अनुसार बाउंड्रीवाल के लिए करीब 7 लाख रुपए की आवश्यकता के स्थान पर 11 लाख रुपए की राशि निकाले जाने की बात सामने आई है।
इसके अलावा भोडियाकांप में पेयजल कूप के बिना कार्य कराए राशि निकालने, पंचायत भवन सुधार कार्य में लाखों रुपए की अनियमितता तथा टोकरा पंचायत में पेयजल कूप की व्यवस्था बंद होने की शिकायत की गई है। टोकरा स्थित उप-स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर की व्यवस्था नहीं होने के साथ ही पंखे, बेड, कुर्सी एवं पर्याप्त विद्युत व्यवस्था नहीं होने की भी शिकायत की है। ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम में किचन सेट की स्थिति जर्जर होने तथा ग्राम पंचायत क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों में भी मूलभूत व्यवस्थाओं की स्थिति खराब है।
– बिजली और रोड की सुविधा की मांग
ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम पंचायत टोकरा के ग्राम भोडियाकाप में लगभग 45 परिवार निवास करते हैं, जिसकी जनसंख्या आबादी 300 हैं, जहां आज तक बिजली, सड़क सुविधा नहीं हैं, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा हैं। ग्रामीणों ने बिजली और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराने की मांग की है।