शाजापुर न्यूज
जिला ब्यूरो चीफ विशाल चिढार
देशभर में 80वें स्वतंत्रता दिवस को हर्षोल्लास और देशभक्ति के साथ मनाया गया। सरकारी एवं निजी संस्थानों में राष्ट्रध्वज फहराकर राष्ट्रीय पर्व का सम्मान किया गया। वहीं अकोदिया स्थित सेंट्रल बैंक शाखा में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण नहीं होने का मामला सामने आया है।
जानकारी के अनुसार स्वतंत्रता दिवस के दिन सेंट्रल बैंक शाखा अकोदिया मे ध्वजारोहण नहीं किया गया ।
मामले को लेकर जब पत्रकारों ने बैंक प्रबंधक प्रखर तिवारी से जानकारी लेने का प्रयास किया तो उन्होंने इस संबंध में बात करने से इनकार कर दिया। बैंक प्रबंधक ने कथित तौर पर कहा कि इस विषय में एसडीएम या कलेक्टर से बात की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि ऊपर से आदेश होने के कारण ध्वजारोहण नहीं किया गया।
बताया जा रहा है कि शाजापुर जिले के अन्य स्थानों पर स्थित सेंट्रल बैंक की शाखाओं में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण किया गया, ऐसे में अकोदिया शाखा में ध्वजारोहण नहीं होने को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों और बैंक ग्राहकों ने भी बैंक प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मामले की जांच की मांग की है।
बैंक ग्राहकों ने लगाए कई आरोप
इधर बैंक ग्राहकों ने बैंक प्रबंधन और कर्मचारियों को लेकर भी कई आरोप लगाए हैं। ग्राहकों का आरोप है कि बैंक परिसर में अनधिकृत रूप से एजेंट बैठे रहते हैं और कई बैंक संबंधी कार्य उनके माध्यम से ही आसानी से हो पाते हैं। कुछ ग्राहकों ने एक महिला कर्मचारी पर अभद्र भाषा में व्यवहार करने का आरोप भी लगाया। इसके अलावा ग्राहकों ने पासबुक में समय पर एंट्री नहीं किए जाने की शिकायत भी की।
हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
एसडीएम से संपर्क का प्रयास
मामले को लेकर अकोदिया क्षेत्र की एसडीएम श्रीमती अंकिता पाटकर से भी संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। अब सवाल यह है कि स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व पर सेंट्रल बैंक शाखा अकोदिया में ध्वजारोहण क्यों नहीं हुआ और बैंक प्रबंधन द्वारा बताए गए कथित आदेश की वास्तविकता क्या है?
मामले में प्रशासन एवं बैंक के उच्च अधिकारियों की ओर से स्पष्टीकरण सामने आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।