मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम का शुभारंभ
कैलाश आर्य स्टेट रिपोर्टर मध्यप्रदेश
बैतूल। मप्र जन अभियान परिषद वोद्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम का शुभारंभ विकासखंड घोड़ाडोंगरी में हुआ। कार्यक्रम दीपक उइके, नरेंद्र उइके, पाठ्यक्रम प्रभारी प्रो.हेमंत निरापुरे के आतिथ्य में और जिला समन्वयक संतोष सिंह राजपूत की अध्यक्षता में एवं पाठ्यक्रम के परामर्शदाता विजय मेहतो, अनिल शर्मा, श्रीमती संगीता उघड़े, श्रीमती यशोमती भोरवंशी तथा 50 एमएसडब्ल्यू एवं 40 बीएसडब्ल्यू के कुल 90 सामाजिक कार्यकर्ताओं की उपस्थिति के बीच हुआ। इस अवसर पर संतोष सिंह राजपूत ने मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम के उद्देश्य, पाठ्यक्रम की उपयोगिता एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं की भूमिका जानकारी प्रदान दी। उन्होंने बताया कि यह पाठ्यक्रम युवाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने के साथ उन्हें समाज की समस्याओं को समझने और उनके समाधान के लिए सक्रिय रूप से कार्य करने के लिए तैयार करता है। दीपक उइके ने युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने नशे के दुष्परिणामों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि युवा शक्ति समाज और राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत है। नरेंद्र उइके ने कहा कि गांव के सर्वांगीण विकास के लिए ग्रामीणों की सहभागिता, जागरूकता और स्थानीय नेतृत्व अत्यंत आवश्यक है। सामाजिक कार्यकर्ता गांव की समस्याओं को समझकर लोगों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। प्रो.हेमंत निरापुरे ने पाठ्यक्रम की रूपरेखा एवं अध्ययन सामग्री से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान करते हुए सभी प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान सभी अतिथियों द्वारा पाठ्यक्रम की पाठ्य-पुस्तक एवं अध्ययन सामग्री का वितरण किया गया। इसके साथ ही उपस्थित सभी प्रतिभागियों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई एवं समाज को नशे के दुष्प्रभावों से मुक्त करने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प कराया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं युवाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित कर उन्हें ग्राम विकास, सामाजिक जागरूकता, नशा मुक्ति एवं जनकल्याण के कार्यों में प्रभावी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करना रहा।