बारीपदा, 23 अगस्त: बारीपदा के निकट कुलियाणा ब्लॉक अंतर्गत एकलव्य आवासीय विद्यालय में सिटिजन्स ह्यूमन राइट्स क्लिनिक, बारीपदा शाखा के सौजन्य से एक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। विद्यालय के प्राचार्य गौरीशंकर की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नागरिकों के मौलिक अधिकार, उनकी सुरक्षा तथा मौलिक कर्तव्यों के बारे में जानकारी दी गई।कार्यक्रम में सिटिजन्स ह्यूमन राइट्स क्लिनिक, ओडिशा के कार्यकारी सचिव एवं बारीपदा शाखा के अध्यक्ष स्वरूप कुमार बशा के साथ देवाशीष दास, दिलीप कुमार दास शर्मा, कनिका बोस, मूर्च्छना दास पटनायक, नमिता सेठी, जगन्नाथ मिश्रा, गोकुल चंद्र दास, विवेकानंद पात्र और सुरेश महांती प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।इस दौरान विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को आकाशीय बिजली से होने वाली दुर्घटनाओं में प्राथमिक उपचार एवं सुरक्षा उपाय, सड़क सुरक्षा, मोबाइल फोन के अनुचित उपयोग से होने वाले नुकसान, पॉलीथिन मुक्त समाज, यातायात के नियम, जल की बर्बादी रोकने तथा आवश्यकता के अनुसार जल के उपयोग के बारे में जागरूक किया। साथ ही भूजल को भविष्य के लिए संरक्षित रखने, सर्पदंश की स्थिति में प्राथमिक उपचार एवं सुरक्षा, हंसी के माध्यम से शारीरिक विकास, मानसिक विकास, स्वच्छता, पढ़ाई की बेहतर तकनीक, समूह चर्चा के लाभ, स्वस्थ जीवन के लिए पौष्टिक भोजन तथा बचत की आदत विकसित करने पर भी प्रकाश डाला गया।कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की ओर से पद्मावती बेहरा ने धन्यवाद ज्ञापन किया। इसके बाद दूसरे चरण में विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।सिटिजन्स ह्यूमन राइट्स क्लिनिक की ओर से स्वरूप कुमार बशा ने विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं सभी कर्मचारियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने विद्यार्थियों के धैर्य, अनुशासन और कार्यक्रम में उनकी सक्रिय सहभागिता की सराहना की।
मयूरभंज से हिमांशु शेखर प्रहराज की रिपोर्ट।