शहजाद आलम जिला संवाददाता सिद्धार्थनगर ITN NATIONAL
सिद्धार्थनगर। विकास खंड लोटन के नवागत खंड शिक्षा अधिकारी प्रदीप कुमार नायक ने सोमवार को ब्लॉक संसाधन केंद्र (बीआरसी) कार्यालय पहुंचकर कार्यभार ग्रहण किया। इससे पूर्व वह राष्ट्रीय इंटर कॉलेज तुरकौलिया, डुमरियागंज में अध्यापक के पद पर कार्यरत थे। खंड शिक्षा अधिकारी के पद पर यह उनकी पहली नियुक्ति है।कार्यभार ग्रहण करने के बाद उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ, ब्लॉक इकाई लोटन की कार्यकारिणी ने नवागत खंड शिक्षा अधिकारी का स्वागत किया और उनके सफल एवं स्वर्णिम कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी प्रदीप कुमार नायक ने कहा कि उनका प्रयास लोटन ब्लॉक को निपुण ब्लॉक बनाने का रहेगा। उन्होंने कहा कि सभी को साथ लेकर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए कार्य किया जाएगा।उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ, ब्लॉक इकाई लोटन के अध्यक्ष सत्येंद्र कुमार मिश्र ने कहा कि ब्लॉक के सभी शिक्षक खंड शिक्षा अधिकारी के साथ मिलकर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की दिशा में पूरा सहयोग करेंगे। उन्होंने कहा कि लोटन ब्लॉक को जनपद में शीर्ष स्थान पर पहुंचाने के लिए शिक्षक पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।खंड शिक्षा अधिकारी ने संगठन की बातों को गंभीरता से सुनते हुए शिक्षकों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हर संभव सहयोग किया जाएगा। साथ ही शिक्षकों के अच्छे प्रयासों और उत्कृष्ट कार्यों को जनपद एवं प्रदेश स्तर पर भेजकर उन्हें सम्मानित कराने का प्रयास किया जाएगा।कार्यक्रम के दौरान शिक्षक जितेंद्र कुमार ने उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रयासों एवं शिक्षक हित में किए जा रहे निरंतर संघर्ष से प्रभावित होकर संगठन की सदस्यता ग्रहण की और ब्लॉक महामंत्री का पदभार संभाला। ब्लॉक अध्यक्ष सत्येंद्र कुमार मिश्र, मंत्री रामशंकर पांडेय, कोषाध्यक्ष महेश प्रसाद, संघर्ष समिति के ब्लॉक अध्यक्ष विकास चंद्र मिश्र एवं मंत्री अशोक यादव ने उनके निर्णय की सराहना की। पदाधिकारियों ने कहा कि जितेंद्र कुमार जैसे समर्पित एवं उत्कृष्ट शिक्षक के संगठन से जुड़ने से संगठन की सक्रियता और मजबूती को नई दिशा मिलेगी।इस अवसर पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष महेंद्र पांडेय, हरिश्याम, अजीजुर्रहमान, जिला कार्यकारिणी के वरिष्ठ सदस्य द्विजेंद्र नाथ पांडेय, कुंवर परवेज, लतीफ अहमद, जैकेश सिंह, अनिल कुमार, सूरज मिश्र, अभय त्रिपाठी, अंतिस वर्मा, मोहम्मद सैफ, इनल यादव तथा कार्यालय स्टाफ से अहमद हुसैन और आलोक कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।