*01सितम्बर से 03 सितंबर तक मोतिहारी के ऐतिहासिक गांधी मैदान में भव्य रूप से मनाया जाएगा बापूधाम महोत्सव-2026*
*सांस्कृतिक कार्यक्रमों की महोत्सव में रहेगी धूम; मैथिली ठाकुर, करीना पांडेय और सबिता पांडेय,बॉलीवुड गायक सलमान अली, अजीत आनंद महोत्सव में देंगे अपनी प्रस्तुति, डॉ तीष्या श्री के नेतृत्व में कवि सम्मेलन का भी होगा आयोजन*
माननीय सांसद पूर्वी चंपारण राधा मोहन सिंह की अध्यक्षता में माननीय विधायक मोतिहारी श्री प्रमोद कुमार,जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक सहित जिला प्रशासन के वरीय अधिकारियों के साथ परिसदन मोतीहारी में हुई बैठक में आगामी 01सितंबर से 03 सितंबर तक बापूधाम महोत्सव का भव्य आयोजन कराने का निर्णय लिया गया और कार्यक्रमों की रूपरेखा बनाई गई।
बापूधाम महोत्सव का शुभारंभ 01 सितंबर को 10:30 बजे पूर्वाहन में माननीय मुख्यमंत्री बिहार श्री सम्राट चौधरी के कर कमलों द्वारा मोतिहारी के ऐतिहासिक गांधी मैदान में किया जाएगा। इसके लिए माननीय मुख्यमंत्री जी को सादर आमंत्रित करने का निर्णय लिया गया।
महोत्सव के दौरान 01 सितंबर 2026 सुप्रसिद्ध लोक गायिका सह माननीय विधायक सुश्री मैथिली ठाकुर की प्रस्तुति के साथ साथ करीना पांडेय और सबिता पांडेय का भी कार्यक्रम होगा।
02 सितंबर को प्रसिद्ध बॉलीबुड सिंगर सलमान अली का कार्यक्रम रखा गया है। उसी दिन स्थानीय कलाकार भी अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे।
03 सितंबर को प्रसिद्ध कलाकार अजीत आनंद और उनकी टीम की प्रस्तुति होगी। 03 सितंबर को ही डॉ तीष्या श्री के नेतृत्व में नीलोत्पल मृणाल, स्वयं श्रीवास्तव सहित देश के प्रसिद्ध कवियों की हास्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा।
तीनों दिन सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन संध्या 5:00 बजे से गांधी मैदान मोतिहारी में किया जाएगा।
आज जिलाधिकारी श्री सौरभ सुमन यादव,पुलिस अधीक्षक श्री स्वर्ण प्रभात,उप विकास आयुक्त डॉ प्रदीप कुमार,सहायक समाहर्ता श्री राजकृष्ण झा, अनुमंडल पदाधिकारी श्री अरुण कुमार,अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्री दिलीप कुमार के द्वारा कार्यक्रम स्थल गांधी मैदान में चल रहे तैयारियों का गहन निरीक्षण किया गया और सभी जरूरी निर्देश दिया। इस अवसर पर जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के द्वारा मीडिया के प्रतिनिधिगण को गांधी मैदान में चल रही तैयारी की जानकारी दी गई।