इस्कॉन के 60वें स्थापना वर्ष पर 2 से 4 सितंबर तक क्राफ्ट मेला मैदान में होगा भव्य आयोजन
झाँसी। इस्कॉन के विश्वव्यापी स्थापना के 60 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर झाँसी में इस वर्ष श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव को और भी भव्य स्वरूप दिया जा रहा है। पिछले वर्ष की सफलता के बाद इस्कॉन झाँसी द्वारा 2 से 4 सितंबर तक क्राफ्ट मेला मैदान में बुंदेलखंड के सबसे बड़े जन्माष्टमी महोत्सव का आयोजन किया जाएगा।
महोत्सव की शुरुआत 29 अगस्त को हरिनाम संकीर्तन यात्रा से होगी। इसी दिन से 2 सितंबर तक वृंदावन के श्री केशव दास जी द्वारा श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा। 2 सितंबर को 3 हजार से अधिक युवाओं की सहभागिता से Inspiration Youth Festival होगा, जिसमें रैप, डांस, नाट्य प्रस्तुति और मंत्रा रॉक विशेष आकर्षण होंगे।
3 सितंबर को भजन मैशअप पर लाइव डांस, महाभारत आधारित रैप, शाजिश बैंड की प्रस्तुति तथा हैदराबाद के कीर्तन रसिक द्वारा भजन क्लबिंग आयोजित की जाएगी। वहीं 4 सितंबर को जन्माष्टमी के अवसर पर 108 कलशों से भगवान श्रीकृष्ण का भव्य महाभिषेक, छप्पन भोग और महाआरती होगी। महाभिषेक में हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की व्यवस्था की गई है।
5 सितंबर को इस्कॉन के संस्थापकाचार्य श्रील प्रभुपाद की व्यास पूजा के अवसर पर इस्कॉन मंदिर झाँसी में विशाल भंडारे का आयोजन होगा। इस्कॉन अध्यक्ष ब्रज भूमि दास ने बताया कि झाँसी का इस्कॉन से ऐतिहासिक संबंध रहा है। उन्होंने बुंदेलखंडवासियों से परिवार सहित महोत्सव में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया।
आयोजन समिति के वरिष्ठ सदस्य सुरेंद्र राय, पीयूष रावत, महेश सर्राफ, राजीव अग्रवाल, अशोक सेठ, अजय अग्रवाल सहित अन्य सदस्यों ने तैयारियों को लेकर जानकारी दी। ब्रज भूमि दास, व्रज जन रंजन दास, प्रिय गोविन्द दास, श्याम विलास दास, महेश्वर चन्द्र दास, दामोदर बंधु दास एवं भक्त विपिन ने सभी श्रद्धालुओं से महोत्सव में शामिल होने की अपील की। इस अवसर पर पीयूष रावत ने पत्रकारों का आभार व्यक्त किया।
