ललितपुर
मड़ावरा विकास खण्ड के परिसर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के शताब्दी वर्ष के अवसर पर युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचार प्रमुख श्री मनोज टाटा ने युवाओं से सीधा संवाद करते हुए उनके प्रश्नों के उत्तर दिए तथा उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
अपने संबोधन में श्री मनोज टाटा ने कहा कि युवा भारत के भविष्य हैं। युवाओं को नई सोच, सकारात्मक दृष्टिकोण और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत ऐसी संस्कृति वाला देश है, जहाँ सभी के सम्मान और समावेश की भावना को सदैव महत्व दिया गया है। आज के बदलते भौतिकवादी परिवेश में युवाओं के सामने अनेक चुनौतियाँ हैं, जिन पर गंभीरता से विचार करने की आवश्यकता है।
संवाद के दौरान युवाओं ने परिवार व्यवस्था का महत्व, जीवन में माता-पिता की भूमिका, मोबाइल एवं सोशल मीडिया की बढ़ती लत, भौतिकवाद तथा युवा पीढ़ी के सामाजिक दायित्व जैसे अनेक विषयों पर प्रश्न पूछे। श्री मनोज टाटा जी ने सहज एवं संवादात्मक शैली में युवाओं की जिज्ञासाओं का समाधान किया और उन्हें तकनीक का उपयोग साधन के रूप में करने तथा उसके अनावश्यक प्रभाव से बचने का संदेश दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता डा शिवकरन जी खण्ड कार्यवाह ने की। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में उन्होंने कहा कि आज के युवाओं का समाज और राष्ट्र के प्रति महत्वपूर्ण दायित्व है। उन्होंने युवाओं से अपने अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को समझने तथा शिक्षा, अनुशासन, संस्कार और सामाजिक सहभागिता के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ वंदे मातरम् के सामूहिक गायन से हुआ तथा समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
कार्यक्रम में नीलेश खण्ड प्रचारक,सत्या जी खण्ड शारीरिक प्रमुख,राजवीर गन्धर्व खण्ड विद्यार्थी प्रमुख, धर्मदीप रावत, लखन तिवारी, अतिशय जैन, मुकेश पाल,लखन कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन राजवीर गन्धर्व ने किया।