बरेली में खूनी खेल: BJP नेता की चाकू और खुकरी से गोदकर निर्मम हत्या, सुभाषनगर इलाके में भारी तनाव!बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले से एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। सुभाषनगर थाना क्षेत्र के मढ़ीनाथ स्थित मांझे वाली बगिया (बंशीनगला) में बेखौफ बदमाशों ने BJP OBC मोर्चा के मंडल उपाध्यक्ष सचिन कश्यप (28 वर्ष) की चाकू और खुकरी से गोदकर निर्मम हत्या कर दी। रक्षाबंधन की रात हुई इस खूनी वारदात के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।घर से 500 मीटर दूर घात लगाकर बैठे थे हमलावरप्राप्त जानकारी के अनुसार, सचिन कश्यप रात के समय खाना खाने के बाद टहलने के लिए निकले थे। घर से महज 500 मीटर की दूरी पर पहले से ही घात लगाए बैठे हमलावरों ने उन्हें घेर लिया। आरोपियों ने पहले सचिन के साथ गाली-गलौज की और फिर ताबड़तोड़ चाकू और खुकरी से हमला बोल दिया। सचिन के सीने और शरीर पर गंभीर चोटें आईं और वे लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।रुपयों के लेन-देन और पुरानी रंजिश का विवादशुरुआती जांच और स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, सचिन कश्यप का अपने ही मोहल्ले के रहने वाले कुछ युवकों (मोहित उर्फ बाबू, अमित और आशीष) के साथ रुपयों के लेन-देन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। करीब एक महीने पहले भी दोनों पक्षों में तीखी बहस और कहासुनी हुई थी। माना जा रहा है कि इसी पुरानी रंजिश और वित्तीय विवाद के चलते इस खौफनाक हत्याकांड को अंजाम दिया गया है।प्राप्त तहरीर के आधार पर FIR दर्ज: क्षेत्राधिकारी नितिन कुमारवारदात की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी नगर द्वितीय (CO City 2nd) श्री नितिन कुमार ने भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया।सीओ नितिन कुमार ने आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि: “थाना सुभाषनगर क्षेत्रान्तर्गत युवक की हत्या किए जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्राप्त तहरीर के आधार पर FIR दर्ज कर ली है। आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी धरपकड़ के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। जल्द ही सभी आरोपी पुलिस की सलाखों के पीछे होंगे।”त्योहार की खुशियां मातम में बदलींसचिन अपने पीछे पत्नी और तीन मासूम बच्चों को छोड़ गए हैं। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर हुई इस दुखद घटना से परिवार में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इलाके में पैदा हुए तनाव को देखते हुए पुलिस चप्पे-चप्पे पर नजर रख रही है।