हरदोई (उत्तर प्रदेश)। हरदोई मेडिकल कॉलेज में एक बार फिर चिकित्सा शिक्षा विभाग और स्वास्थ्य विभाग के बीच अधिकारों को लेकर विवाद सामने आया है। इस बार मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. जेबी गोगोई द्वारा जिला पुरुष अस्पताल के CMS कार्यालय में ताला लगवाए जाने का मामला चर्चा में है।
कार्यालय में ताला लगाए जाने पर पुरुष अस्पताल के CMS डॉ. आदित्य झिंगरन ने कड़ी आपत्ति जताई। दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ने के बाद आखिरकार कार्यालय का ताला खुलवाया गया।
दरअसल, मेडिकल कॉलेज की शुरुआत के बाद से ही चिकित्सा शिक्षा विभाग और स्वास्थ्य विभाग के बीच अधिकारों एवं कार्यप्रणाली को लेकर खींचतान चल रही है। मेडिकल कॉलेज का प्रशासन प्राचार्य के अधीन है, जबकि जिला पुरुष अस्पताल में स्वास्थ्य विभाग के CMS के साथ पुराने चिकित्सक और पैरामेडिकल कर्मचारी भी अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
दोनों विभागों के बीच प्रशासनिक अधिकारों और व्यवस्थाओं को लेकर समय-समय पर विवाद सामने आते रहे हैं।
फिलहाल दोनों पक्षों के बीच ICU वार्ड कक्ष में बैठक चल रही है। अब देखना होगा कि इस बैठक के बाद विवाद का कोई स्थायी समाधान निकलता है या फिर मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल के बीच यह खींचतान आगे भी जारी रहती है।
ITN National News | शिवम शुक्ला
