बारीपदा, 30/08: राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर खेल, शारीरिक स्वास्थ्य और सक्रिय जीवनशैली के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बारीपदा में साइक्लोथॉन का आयोजन किया गया। बारीपदा स्टेडियम से शुरू हुए इस साइक्लोथॉन को जिला कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट हेमकांत साय तथा पुलिस अधीक्षक वरुण गुंटुपल्ली ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।इस अवसर पर जिला कलेक्टर हेमकांत साय ने युवाओं से नियमित साइकिल चलाने को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा स्वयं को स्वस्थ और सक्रिय रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेल के माध्यम से केवल शारीरिक स्वास्थ्य ही नहीं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास का भी विकास होता है।पुलिस अधीक्षक वरुण गुंटुपल्ली ने स्वयं साइक्लोथॉन में भाग लेकर युवाओं के बीच खेल और फिटनेस के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने पर जोर दिया।बारीपदा स्टेडियम से शुरू हुआ साइक्लोथॉन बेलगड़िया, अंबिका मंदिर, बीजू पटनायक गोलाई और कलेक्ट्रेट होते हुए पुनः स्टेडियम पहुंचकर संपन्न हुआ। निर्धारित मार्ग पर साइकिल चलाते हुए प्रतिभागियों ने खेल, स्वास्थ्य और सक्रिय जीवनशैली का संदेश दिया।साइक्लोथॉन में जिला पुलिस बल, खिलाड़ी, युवक-युवतियां, विभिन्न खेल संगठनों के सदस्य और खेल प्रेमियों सहित विभिन्न वर्गों के बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला कलेक्टर दुखबंधु नायक, रिजर्व इंस्पेक्टर आलोक कुमार कानूनगो, जिला खेल अधिकारी डॉ. शुभाशिष नायक, जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी शिशिर कुमार मुंदुइया, अंतरराष्ट्रीय रग्बी रेफरी दिव्य रंजन दास तथा यूट्यूब ब्लॉगर लव हांसदा सहित बड़ी संख्या में प्रतिभागी उपस्थित रहे।राष्ट्रीय खेल दिवस के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने, खेल को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने तथा नियमित व्यायाम और फिटनेस के प्रति लोगों को जागरूक करने की दिशा में यह साइक्लोथॉन एक महत्वपूर्ण जागरूकता अभियान साबित हुआ।
मयूरभंज से हिमांशु शेखर प्रहराज की रिपोर्ट।