बढ़नीचाफा में गूंजा राष्ट्रभक्ति का जयघोष, पृथ्वीराज चौहान की प्रतिमा व 101 फीट तिरंगे का हुआ भूमि पूजा
सिद्धार्थनगर। सिद्धार्थनगर जिले के नगर पंचायत बढ़नीचाफा के मुख्य बाजार में गुरुवार को वीर शिरोमणि एवं महान हिंदू सम्राट पृथ्वीराज चौहान की भव्य प्रतिमा तथा 101 फीट ऊंचे तिरंगे की स्थापना को लेकर भूमि पूजन एवं शिलान्यास समारोह का आयोजन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुए इस आयोजन में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी शामिल हुए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक एवं हिंदू युवा वाहिनी उत्तर प्रदेश के प्रभारी राघवेंद्र प्रताप सिंह रहे। नगर पंचायत बढ़नीचाफा के चेयरमैन धर्मराज वर्मा, चंद्र प्रकाश वर्मा समेत अन्य गणमान्य लोगों ने भी समारोह में सहभागिता की। विद्वान पुरोहितों ने विधि-विधान से पूजन-अर्चन कराया, जिसके बाद प्रतिमा एवं तिरंगे की स्थापना के लिए शिलान्यास की प्रक्रिया पूरी की गई।
पूर्व विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि वीर शिरोमणि पृथ्वीराज चौहान का जीवन साहस, शौर्य और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। उनकी प्रतिमा और 101 फीट ऊंचे तिरंगे की स्थापना क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को देश के गौरवशाली इतिहास और वीरता से परिचित कराने के साथ राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा देते हैं।
चेयरमैन धर्मराज वर्मा ने कहा कि मुख्य बाजार में पृथ्वीराज चौहान की प्रतिमा और विशाल तिरंगे की स्थापना से बढ़नीचाफा की पहचान और मजबूत होगी। यह स्थल आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का केंद्र बनेगा।
चंद्र प्रकाश वर्मा ने आयोजन को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि महापुरुषों के सम्मान और राष्ट्रध्वज के प्रति श्रद्धा एवं सम्मान की भावना को मजबूत करना सभी की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में प्रसिद्ध विरहा गायक प्रमोद यादव ने देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति देकर माहौल को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया। उनके गीतों पर मौजूद लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष से पूरा परिसर गूंज उठा।
समारोह को लेकर क्षेत्रवासियों में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में लवकुश ओझा, दशरथ चौधरी, संतोष पासवान, जुग्गीलाल पासवान, मनोहर गौतम, नूरे यादव, जुग्गीलाल चौहान, कुंवर उपाध्याय, अशोक तिवारी, वीरेंद्र दुबे, राजू वर्मा, दीपक चौधरी, रघुनंदन पाण्डेय, प्रमोद गौतम, मनीष श्रीवास्तव, तिलकराम कसौधन, केशव यादव, आलोक चौधरी, दिनेश चौहान, मानिकराम चौहान, बद्री विशाल, मोहित गुप्ता, नागेंद्र अग्रहरि, राम निवास समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।