पटियाला रोड के होटल में देह व्यापार का आरोप, तीन युवतियां और तीन युवक पकड़े
जीरकपुर। शनिवार रात जीरकपुर पुलिस ने पटियाला रोड पर केनरा बैंक के ऊपर स्थित एक होटल में छापेमारी कर तीन युवतियों को रेस्क्यू किया है और होटल से ही तीन युवकों को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार, होटल में अनैतिक गतिविधियां चलाए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने वीआईपी होटल एंड पीजी में अचानक दबिश दी। पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान पकड़े गए युवकों के पास से लाइटर और नशा करने में इस्तेमाल होने वाली संदिग्ध वस्तुएं बरामद होने की बात भी सामने आई है। पुलिस ने तीनों युवकों का मेडिकल परीक्षण करवाना शुरू कर दिया है। मेडिकल रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, होटल में कथित देह व्यापार और अन्य अनैतिक गतिविधियां चलाए जाने की सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। मौके से रेस्क्यू की गई तीनों युवतियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि होटल में युवतियों को किस उद्देश्य से बुलाया गया था और इस पूरी गतिविधि के पीछे कौन लोग शामिल थे।
इमारत में पहले भी दर्ज हो चुके हैं दो मामले
शुरुआती जांच में पुलिस को पता चला है कि होटल लीज पर संचालित किया जा रहा था। पुलिस के अनुसार, इसी इमारत में पहले भी दो अलग-अलग मामलों में आपराधिक केस दर्ज हो चुके हैं। अब पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि पहले से इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोग दोबारा सक्रिय हुए हैं या होटल का नया संचालक कथित रूप से यह गतिविधि चला रहा था।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जांच के दौरान होटल संचालक के साथ-साथ भवन मालिक की भूमिका भी जांच के दायरे में रहेगी। यदि किसी प्रकार का नियम उल्लंघन या संलिप्तता सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
होटल-पीजी संचालकों को चेतावनी
पुलिस ने जीरकपुर के होटल और पीजी संचालकों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि उनके परिसरों में किसी भी तरह की अवैध अथवा अनैतिक गतिविधि नहीं होनी चाहिए। पुलिस ने कहा कि आने वाले दिनों में भी होटल और पीजी की जांच जारी रहेगी। नियमों की अनदेखी करने वाले संचालकों और प्रबंधकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।