बारीपदा, 8 सितंबर: विश्व फिजियोथेरेपी दिवस-2026 के अवसर पर बारीपदा स्थित जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र में जिला सामाजिक सुरक्षा एवं दिव्यांग सशक्तिकरण विभाग की ओर से फिजियोथेरेपी चिकित्सा एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।इस अवसर पर 10 दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर तथा 2 दृष्टिबाधित दिव्यांग छात्रों को निःशुल्क लैपटॉप प्रदान किए गए। वहीं शिविर में 100 से अधिक वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों एवं अन्य मरीजों ने हिस्सा लिया। विशेषज्ञ फिजियोथेरेपिस्टों द्वारा स्वास्थ्य जांच के साथ आवश्यक चिकित्सा परामर्श भी दिया गया।कार्यक्रम में पंडित रघुनाथ मुर्मू मेडिकल कॉलेज की प्रोफेसर डॉ. रितांजलि बेहरा, अतिरिक्त जिला चिकित्सा अधिकारी डॉ. विजय कुमार दास, प्रभारी सामाजिक सुरक्षा अधिकारी गोपीनाथ सई, वरिष्ठ नागरिक संघ के प्रतिनिधि डॉ. श्यामसुंदर दास, अभिनव फ्यूचरस्टिक संस्था के निदेशक डॉ. के. गणेशन तथा नोडल अधिकारी चंद्रशेखर नायक प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।इस दौरान अतिथियों ने फिजियोथेरेपी चिकित्सा के महत्व और उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए लोगों को नियमित फिजियोथेरेपी तथा स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।शिविर में डॉ. रामेश्वर पुथाल, डॉ. जयश्री दास और डॉ. सौम्या बेहरा ने मरीजों की स्वास्थ्य जांच की और आवश्यक चिकित्सा परामर्श प्रदान किया।कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं संचालन में जिला पुनर्वास केंद्र, अत्याधुनिक पुनर्वास केंद्र तथा जिला सामाजिक सुरक्षा एवं दिव्यांग सशक्तिकरण विभाग के कर्मचारियों ने सक्रिय सहयोग किया।
मयूरभंज से हिमांशु शेखर प्रहराज की रिपोर्ट।