सहारनपुर:: एक तरफ जहां सरकार पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए हर साल करोड़ों रुपये पानी की तरह बहाकर पौधारोपण अभियान चलाती है, वहीं दूसरी तरफ धरातल पर लकड़ी माफिया इन कोशिशों पर पानी फेरने में लगे हैं। ताजा मामला देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव दमकड़ी का है, जहां फलदार और हरे-भरे आम के बागों पर खुलेआम कुल्हाड़ी और आरा चलाया जा रहा है।
गांव दमकड़ी में बिना किसी खौफ के आम के लहलहाते पेड़ों को काटा जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि भू-माफिया और लकड़ी ठेकेदारों की सांठगांठ से पूरे के पूरे बाग को साफ किया जा रहा है, लेकिन शिकायत के बावजूद जिम्मेदार वन विभाग गहरी नींद सोया हुआ है। अधिकारियों की इस अनदेखी और सुस्ती के चलते माफिया के हौसले इतने बुलंद हैं कि दिन-दिहाड़े पेड़ों का कटान जारी है। क्षेत्र के पर्यावरण प्रेमियों और ग्रामीणों ने शासन व उच्च अधिकारियों से गुहार लगाई है कि मामले का तुरंत संज्ञान लेकर अवैध कटान पर रोक लगाई जाए और दोषी ठेकेदारों समेत लापरवाह कर्मचारियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़