संतकबीरनगर। दुधारा थाना क्षेत्र के हुजूरा सुहाये गांव में चार दिन पूर्व सांप के काटने से 12 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। घटना के बाद परिजन बच्चे को तत्काल उपचार के लिए सीएचसी सेमरियावां लेकर पहुंचे थे। बच्चे की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं।
परिजनों का आरोप है कि बच्चे को सांप के काटने के बाद समय रहते सीएचसी सेमरियावां पहुंचाया गया था, लेकिन वहां उपचार में कथित तौर पर देरी हुई। परिजनों का कहना है कि यदि बच्चे को समय पर उचित इलाज मिल जाता तो उसकी जान बच सकती थी। परिजनों ने आरोप लगाया कि सीएचसी में बच्चे की हालत बिगड़ने के बाद, कथित तौर पर उसकी मौत हो जाने पर डॉक्टरों ने उसे बस्ती के कैली अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। इस मामले को लेकर परिजनों में आक्रोश है और उन्होंने सीएचसी अधीक्षक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मामले की जांच की मांग की है। परिजनों का कहना है कि सीएचसी सेमरियावा में बच्चे की मौत होने के बाद जानबूझकर रेफर किया गया। जहां डॉक्टरों के द्वारा बताया गया कि पहले ही इसकी मृत्यु हो चुकी है। वही जब इस मामले पर सीएचसी अधीक्षक से फोन के माध्यम से संपर्क करना चाहा तो पत्रकारों का फोन उठाना मुनासिब नहीं समझे। घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है।