बिसरा में नदी से अज्ञात शव बरामद, इलाके में मची सनसनी संवाद सूत्र,बिसरा: बिसरा पंचायत कार्यालय के समीप नदी में बुधवार सुबह करीब नौ बजे एक अज्ञात शव बहकर आने से इलाके में सनसनी फैल गई। नदी के पास मौजूद स्थानीय लोगों की नजर शव पर पड़ी, जिसके बाद उन्होंने तत्काल इसकी सूचना बिसरा पुलिस को दी। सूचना मिलते ही बिसरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और नदी से शव को बाहर निकालकर अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने शव को राउरकेला सरकारी अस्पताल के मॉर्चरी हाउस में सुरक्षित रखवा दिया है। पुलिस के अनुसार, फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पहचान सुनिश्चित करने के लिए शव को अगले 72 घंटे तक मॉर्चरी में रखा जाएगा। इस दौरान आसपास के थाना क्षेत्रों में सूचना देकर तथा उपलब्ध माध्यमों से मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जाएगा। 72 घंटे के भीतर यदि शव की पहचान नहीं हो पाती है, तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि शव नदी में कहां से बहकर आया। अज्ञात शव मिलने के बाद स्थानीय लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। पुलिस द्वारा शव की पहचान और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
रिपोर्ट :सरफराज अहमद