बालोद में 4000 से अधिक हितग्राहियों ने मनाया गृह प्रवेश उत्सव
बालोद, छत्तीसगढ़, 11 सितंबर 2026: प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण, पीएम जनमन एवं विशेष परियोजना के तहत निर्मित नए आवासों का गृह प्रवेश उत्सव शुक्रवार को बालोद जिले के सभी विकासखंडों में पारंपरिक रीति-रिवाज और लोक परंपराओं के साथ मनाया गया। जिले में 4000 से अधिक हितग्राहियों ने अपने नए पक्के मकानों में गृह प्रवेश किया।
राज्य स्तरीय मुख्य गृह प्रवेश समारोह सक्ती जिले में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय ग्रामीण विकास, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। इस अवसर पर दोनों अतिथियों ने प्रतीकात्मक रूप से 2 लाख से अधिक हितग्राहियों को पक्के मकानों में गृह प्रवेश के लिए ‘खुशियों की चाबी’ सौंपी।
दीपों और रंगोली से सजे हितग्राहियों के घर
कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशन और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील कुमार चन्द्रवंशी के मार्गदर्शन में जिले के सभी विकासखंडों में सामूहिक रूप से कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान हितग्राहियों के नए घरों को दीपों से रोशन किया गया और आंगनों में आकर्षक रंगोली सजाई गई। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
गृह प्रवेश कार्यक्रम में जिले एवं जनपद स्तर के जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया था। जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में हितग्राहियों ने विधिवत पूजा-अर्चना एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ अपने नए पक्के मकानों में प्रवेश किया।
कार्यक्रम के दौरान पात्र हितग्राहियों को जनप्रतिनिधियों के हाथों ‘आभार पत्र’, ‘खुशियों की चाबी’ और ‘स्मृति चिन्ह’ भेंट कर सम्मानित किया गया।
आवास निर्माण के लिए हितग्राहियों को दी जा रही मदद
जिले में प्रत्येक गरीब परिवार को पक्का मकान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से हितग्राहियों को आवास निर्माण में हरसंभव सहयोग दिया जा रहा है। कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशन और जिला पंचायत सीईओ सुनील कुमार चन्द्रवंशी के मार्गदर्शन में आवास निर्माण की प्रगति की निगरानी के साथ हितग्राहियों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
कार्यक्रम के माध्यम से निर्माणाधीन आवास वाले हितग्राहियों को भी जल्द से जल्द अपना मकान पूरा करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
गृह प्रवेश करने वाले हितग्राहियों ने प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत पक्का मकान मिलने और गृह प्रवेश का अवसर प्राप्त होने पर प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
