दुद्धी (सोनभद्र)। ब्लॉक क्षेत्र के बिडर गांव में प्रशासक और सचिव की मनमानी से परेशान ग्रामीणों ने आज मंगलवार को ब्लॉक परिसर में विरोध प्रदर्शन कर खंड विकास अधिकारी डॉ जितेंद्र नाथ दुबे को ज्ञापन सौंपा। बिडर गांव में म्योरपुर एडीओ पंचायत वर्तमान में प्रशासक और ग्राम पंचायत सचिव पर ग्रामीणों ने मनमानी और पद के दुरुपयोग का आरोप लगाया है। बिडर निवासी शिवम कुमार समेत अन्य ग्रामीणों ने खंड विकास अधिकारी को ज्ञापन पत्र देकर दोनों अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। शिवम ने आरोप लगाया कि गांव में पानी के टैंकर से चिलचिलाती धूप में कड़ी मशक्कत कर ग्रामीणों को पानी सप्लाई की गई थी। जिसपर सचिव द्वारा 20 परसेंट कमीशन मांगी जा रही है। ग्रामीणों ने आरोप गर्मी के दिनों में टैंकरों से पानी आपूर्ति करने वाले लोगों का भुगतान कमिशन के चक्कर में अटका कर रखा है। फोन पर समस्या बताने पर अधिकारी अमर्यादित भाषा का प्रयोग करते हैं और ‘जहाँ जाना है जाओ, देख लेंगे ‘कहकर पल्ला झाड़ लेते हैं। ग्राम पंचायत में दर्जनों से अधिक हैंडपंप खराब पड़े हैं, लेकिन उनकी मरम्मत नहीं कराई जा रही, जिससे पेयजल संकट बना हुआ है। नियुक्त प्रशासक और सचिव कभी भी पंचायत भवन नहीं आते, जिससे ग्रामीणों को प्रशासनिक कार्यों में भारी असुविधा हो रही है।सीसी रोड और सेफ्टी वाल के निर्माण कार्य में लगे कई मजदूरों को बीते कई महीनों से उनकी मजदूरी का भुगतान नहीं किया गया है। ग्रामीणों ने बीडीओ से मामले का संज्ञान लेते हुए जल्द से जल्द कार्रवाई करने की अपील की है। जसराज, बृजकिशोर कुशवाहा, चमेली जीरा देवी, पप्पू , देवंती सहित अन्य दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे। बीडीओ डॉ जितेंद्र नाथ दुबे ने कहा कि ग्रामीणों के मामले को सुनकर एडीओ पंचायत दुद्धी व बीओ पीआरडी दुद्धी को संयुक्त रूप से जांच कर कार्यवाही के लिए जिम्मेदारी दी गई है। एक सप्ताह में मामले का निस्तारण कर दिया जाएगा।