भुवनेश्वर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस के अवसर पर राज्य सरकार की ओर से सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत प्रदेशभर में ‘आशीर्वाद के दीप’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भुवनेश्वर स्थित मुक्तेश्वर मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में हजारों महिलाओं और युवाओं ने दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, उपमुख्यमंत्री प्रभाती परिड़ा, राजस्व मंत्री सुरेश पुजारी, एकाम्र विधानसभा क्षेत्र के विधायक बाबू सिंह तथा ब्रह्मगिरि विधायक उपासना महापात्र सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने सामूहिक रूप से दीप प्रज्वलित किया।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कहा कि भारत निश्चित रूप से विश्वगुरु बनेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सपने को साकार करने के लिए राज्य सरकार की ओर से निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत ओडिशा के सभी 30 जिलों में एक करोड़ से अधिक ‘आशीर्वाद के दीप’ प्रज्वलित किए गए। इस अभियान में स्वयं सहायता समूहों की सदस्याओं तथा सुभद्रा योजना की लाभार्थी महिलाओं ने भी सक्रिय रूप से भाग लिया।परिवार स्तर से लेकर ग्राम पंचायत, ब्लॉक और जिला स्तर तक ‘आशीर्वाद के दीप’ कार्यक्रम व्यापक रूप से आयोजित किए गए। सभी ग्राम पंचायतों, ब्लॉकों और जिलों में सामूहिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। मंदिरों एवं अन्य देवालयों में झोटी-चित्रा के साथ सामूहिक रूप से दीप प्रज्वलित किए गए।कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूहों की सदस्याओं, सुभद्रा योजना की लाभार्थी महिलाओं, स्थानीय लोगों तथा जनप्रतिनिधियों की व्यापक भागीदारी रही। पूरे राज्य में दीप प्रज्वलन के माध्यम से सेवा, संकल्प और जनभागीदारी का संदेश दिया गया।
हिमांशु शेखर प्रहराज
राज्य प्रमुख, ओडिशा