मयूरभंज, 18/09/2026: राष्ट्रीय राजमार्ग-18 पर कुलियाणा थाना क्षेत्र के सुखुआपड़ा टोलगेट के सामने शुक्रवार दोपहर एक कंटेनर में अचानक भीषण आग लग गई। हादसे में कंटेनर पूरी तरह आग की चपेट में आ गया, हालांकि चालक समय रहते वाहन से दूर हो गया और बाल-बाल बच गया।मिली जानकारी के अनुसार, कंटेनर बारीपदा होते हुए पटना की ओर जा रहा था। सुखुआपड़ा टोलगेट के पास किसी कारणवश वाहन रुका हुआ था। इसी दौरान चालक कंटेनर के पास खाना बना रहा था। बताया जा रहा है कि इसी दौरान अचानक वाहन में आग लग गई।देखते ही देखते आग ने पूरे कंटेनर को अपनी चपेट में ले लिया और वाहन धू-धू कर जलने लगा। आग की लपटें देखकर चालक तुरंत वहां से दूर हट गया, जिससे वह किसी बड़े हादसे का शिकार होने से बच गया। बताया गया है कि चालक पूरी तरह सुरक्षित है।कंटेनर में आग लगने के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। घटना की सूचना अग्निशमन विभाग को दी गई। हालांकि, खबर लिखे जाने तक अग्निशमन विभाग की टीम के घटनास्थल पर पहुंचने की सूचना नहीं मिली थी।प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण खाना पकाने के दौरान निकली आग होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
मयूरभंज से हिमांशु शेखर प्रहराज की रिपोर्ट।