कृषि गोष्ठी का आयोजन
बांसवाड़ा
गो आधारित प्राकृतिक खेती, कृषि एवं महिला प्रोत्साहन को लेकर कृषि गोष्ठी व महिला प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन वडलीपाडा बागीदौरा में किया गया। कार्यक्रम में जिला कलेक्टर डॉ. इंद्रजीत यादव ने शिरकत की और प्राकृतिक खेती के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने तथा महिलाओं को कृषि क्षेत्र में आगे बढ़कर भागीदारी निभाने के लिए प्रोत्साहित किया।
प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने पर जोर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कलेक्टर डॉ. इंद्रजीत यादव ने कहा कि गो आधारित प्राकृतिक खेती किसानों के लिए उपयोगी विकल्प है। प्राकृतिक खेती के माध्यम से खेती में स्थानीय संसाधनों का उपयोग बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने किसानों से प्राकृतिक खेती की तकनीकों को अपनाने, कृषि में नवाचार करने तथा खेती को अधिक लाभकारी बनाने की दिशा में कार्य करने का आह्वान किया।
कृषि क्षेत्र में महिलाओं की भूमिका महत्वपूर्ण
जिला कलेक्टर ने कहा कि कृषि एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। महिलाएं कृषि कार्यों के साथ-साथ पशुपालन, जैविक उत्पाद तैयार करने तथा विभिन्न आजीविका गतिविधियों के माध्यम से परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में योगदान दे रही हैं। उन्होंने महिला किसानों एवं स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यक्रम में गो आधारित प्राकृतिक खेती, कृषि विकास एवं महिला सशक्तीकरण से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई। उपस्थित प्रतिभागियों को प्राकृतिक खेती के लाभों तथा कृषि क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के संबंध में जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान कृषि विभाग के उप निदेशक श्री केलाशचन्द्र मीणा, काश्तकार रणछोड पाटीदार सहित संबंधित विभागीय अधिकारी, कृषि विशेषज्ञ, महिला प्रतिनिधि एवं बडी संख्या में महिला किसान उपस्थित रहे।