बालोद।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर बालोद जिले में गुरुवार को ‘सेवा संकल्प अभियान’ का शुभारंभ किया गया। अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियों और जनभागीदारी से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
जिला मुख्यालय स्थित स्व. सरयू प्रसाद अग्रवाल स्टेडियम में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित हुआ। कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद भोजराज नाग की मौजूदगी में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों-कर्मचारियों, स्व-सहायता समूह की महिलाओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, स्कूली बच्चों, स्काउट-गाइड्स, एनसीसी कैडेट्स और नागरिकों ने दीप प्रज्वलित कर सेवा और जनकल्याण के प्रति सहभागिता दर्ज कराई।
आयोजन के दौरान स्टेडियम परिसर में करीब एक लाख दीये प्रज्वलित कर भारत के मानचित्र की आकृति प्रदर्शित की गई। इस दौरान सांसद भोजराज नाग ने आयोजन की सफलता के लिए जिला प्रशासन और आयोजन से जुड़े सभी लोगों को बधाई दी।
सांसद ने केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन, टीकाकरण और रेलवे के आधुनिकीकरण सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई।
कार्यक्रम में पद्मश्री शमशाद बेगम, राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग के पूर्व सदस्य यशवंत जैन, नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि चेमन देशमुख, पूर्व विधायक वीरेंद्र साहू, राज्य एथलेटिक संघ के उपाध्यक्ष सौरभ लुनिया, राकेश ‘छोटू’ यादव, पवन साहू, अभिषेक शुक्ला सहित पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण, वनमंडलाधिकारी अभिषेक अग्रवाल, अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक एवं नूतन कंवर, संयुक्त कलेक्टर मधुहर्ष सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और नागरिक मौजूद रहे।
नवचेतना फाउंडेशन कलंगपुर की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। फाउंडेशन ने स्टेडियम परिसर में सेवा संकल्प अभियान की थीम पर आकर्षक रंगोली भी बनाई।