“सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान” का माननीय मुख्यमंत्री ने किया शुभारंभ
श्री सम्राट चौधरी, माननीय मुख्यमंत्री, बिहार के कर कमलों द्वारा आज पटना में आयोजित कार्यक्रम में सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर माननीय मुख्यमंत्री ने सेवा संकल्प एवं कार्यकाल पोर्टल एवं ऐप को भी जारी किया।
शुभारंभ से संबंधित कार्यक्रम का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बिहार के सभी जिलों में प्रसारण किया गया। पूर्वी चंपारण मोतिहारी में इसके लिए समाहरणालय स्थित एनआईसी में व्यवस्था कराई गई थी जहां जिलाधिकारी श्री सौरभ सुमन यादव, नगर आयुक्त श्री आशीष कुमार, सहायक समाहर्ता श्री राजकृष्ण झा, सिविल सर्जन डॉक्टर दिलीप कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री राजन कुमार गिरी, निदेशक डीआरडीए डॉ कुंदन कुमार सहित अन्य विभाग के पदाधिकारी उपस्थित थे।
सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान के अंतर्गत ग्रामीण विकास विभाग, शिक्षा विभाग, समाज कल्याण विभाग, अनुसूचित जाति जनजाति कल्याण विभाग, पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, नगर विकास एवं आवास विभाग, पंचायती राज विभाग, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग से जुड़े सार्वजनिक सुविधाओं और परिसंपत्तियों को बेहतर और स्वच्छ बनाने तथा नई आधारभूत संरचनाओं के निर्माण के लिए एक तय सीमा अंतर्गत कार्यों को पूर्ण कराया जाएगा।
इस अभियान के अंतर्गत सभी छोटे-मोटे कार्य, रंगा पुताई मरम्मती इत्यादि को प्राथमिकता के आधार पर 30 नवंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। विद्यालय, सामुदायिक भवन, आंगनबाड़ी केंद्र, छात्रावास,स्वास्थ्य केंद्र सहित अन्य भवनों की जरूरत के अनुसार रंगा पुताई एवं मरम्मती का कार्य किया जाना है। निर्देश प्राप्त हुआ है कि महापर्व छठ के पहले यह सभी कार्य करा लिया जाय। इसके अतिरिक्त कोई नया कंस्ट्रक्शन का काम होना है तो उसके लिए 31 मार्च 2027 तक का लक्ष्य रखा गया है। जिलाधिकारी के द्वारा जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि उक्त अभियान अंतर्गत कस्तूरबा गांधी विद्यालयों की मरम्मती एवं रंग रोगन को प्राथमिकता दिया जाए।
रिपोर्ट:अमरजीत सिंह