दुद्धी (सोनभद्र)। वांछित और इनामी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत दुद्धी पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के मामले में फरार चल रहे 20 हजार के इनामी आरोपी को रेनूकूट के मुर्धवा मोड़ से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान शिवम शुक्ला पुत्र त्रिभुवन शुक्ला निवासी बालपुरवा थाना धानेपुर जनपद गोंडा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया।
पुलिस के अनुसार थाना दुद्धी में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 246/2026 में शिवम शुक्ला धारा 8/20/27ए/29/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत वांछित था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा ने नौ सितंबर 2026 को 20 हजार का इनाम घोषित किया था।
पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि शिवम शुक्ला अपने नाना चंद्रिका प्रसाद शुक्ला के घर रेनूकूट आया हुआ है और मुर्धवा मोड़ के पास मौजूद है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी का वर्तमान पता मुर्धवा मोड़, हाईटेक रेनूकूट, थाना पिपरी बताया गया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभरुणवाल और क्षेत्राधिकारी दुद्धी विनय प्रभाकर साहनी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक दुद्धी विश्वनाथ प्रताप सिंह के नेतृत्व में की गई।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ प्रताप सिंह, निरीक्षक अंगद प्रसाद तिवारी, कांस्टेबल नंदेश कुमार सिंह और कांस्टेबल राहुल बिंद शामिल रहे।