शिक्षक शमशाद हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई, मुख्य आरोपी शब्बीर आलम गिरफ्तार
शिक्षक शमशाद हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई, मुख्य आरोपी शब्बीर आलम गिरफ्तार
मोतिहारी: पूर्वी चंपारण के चर्चित शिक्षक शमशाद आलम हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। देर रात तक चली छापेमारी के बाद पुलिस ने मामले में शामिल बताए जा रहे मुख्य आरोपी शब्बीर आलम को गिरफ्तार कर लिया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक वाहन भी जब्त किया है, जिस पर ‘मुखिया सिसवा पूर्वी’ की नेम प्लेट लगी हुई थी।वहीं, मामले का एक अन्य आरोपी और बंजरिया प्रखंड का पूर्व प्रमुख जाफिर आजाद उर्फ चमन अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। उसकी गिरफ्तारी के लिए SIT लगातार छापेमारी कर रही है।
चमन पर 20 हजार का इनाम, SIT कर रही छापेमारी
पुलिस के अनुसार, शिक्षक शमशाद आलम का शव जाफिर आजाद उर्फ चमन के खेत से बरामद हुआ था। पुलिस जांच में शिक्षक को फोन कर बुलाने में चमन की भूमिका सामने आने की बात कही गई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पूर्वी चंपारण के पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने फरार आरोपी जाफिर आजाद उर्फ चमन पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। SIT की टीम उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस अब गिरफ्तार शब्बीर आलम से पूछताछ कर रही है। पूछताछ के जरिए हत्या की वजह, घटनाक्रम और वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
स्कूल से लौटते समय लापता हुए थे शिक्षक
बता दें कि बंजरिया थाना क्षेत्र में शिक्षक शमशाद आलम की हत्या का मामला सामने आया था। मृतक सिसवा पूर्वी निवासी थे और सिसवा उर्दू स्कूल में शिक्षक के रूप में कार्यरत थे।
परिजनों के अनुसार, स्कूल में पढ़ाने के बाद घर लौटते समय शमशाद आलम अचानक लापता हो गए थे। करीब पांच घंटे बाद उनका शव बरामद किया गया था। पुलिस के अनुसार, शव चमन के खेत से मिला था।
मृतक के पिता मो. रफीस ने पूर्व प्रमुख चमन और उसके समर्थकों पर बेटे को रास्ते से उठाने, मारपीट करने और हत्या के बाद शव फेंकने का आरोप लगाया था। हालांकि, इन आरोपों की अंतिम पुष्टि पुलिस जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।
शव रखकर परिजनों ने किया था सड़क जाम
शिक्षक की हत्या की खबर के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया था। परिजनों ने शव को सदर अस्पताल के गेट पर रखकर सड़क जाम कर दिया था और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की थी।
अब शब्बीर आलम की गिरफ्तारी के बाद पुलिस मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। वहीं फरार जाफिर आजाद उर्फ चमन की गिरफ्तारी पुलिस के लिए अगली बड़ी चुनौती है। जांच एजेंसी यह भी पता लगाने में जुटी है कि शिक्षक को बुलाने से लेकर हत्या तक की घटना में कौन-कौन लोग शामिल थे।
रिपोर्ट:अमरजीत सिंह