रायरंगपुर/मयूरभंज, 19/9: पवित्र विश्वकर्मा पूजा एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर रायरंगपुर प्रखंड प्रशासन तथा एएलआईएमसीओ (Artificial Limbs Manufacturing Corporation of India) के संयुक्त प्रयास से वृद्ध एवं दिव्यांगजनों के लिए सहायक उपकरण वितरण शिविर का आयोजन रायरंगपुर प्रखंड परिसर में किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मयूरभंज सांसद नव चरण माझी तथा सम्मानित अतिथि विधायक जलेन नायक, प्रखंड अध्यक्ष ज्ञान रंजन हेम्ब्रम, डीओ नारायणी प्रियदर्शिनी पंडा, विधायक प्रतिनिधि अशोक महांती, अनुमंडल सामाजिक सुरक्षा अधिकारी सोमबारी मुर्मू एवं एएलआईएमसीओ प्रबंधक स्मृति मल्लिक सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम का संचालन कनिष्ठ अभियंता इं. प्रशांत दास ने किया।इस अवसर पर अतिथियों ने कहा कि “मानव सेवा ही माधव सेवा है।” वृद्ध एवं दिव्यांगजन समाज के लिए बोझ या अनुपयोगी नहीं हैं। वृद्धजनों का अनुभव, प्रेरणा, त्याग एवं जीवनानुभूति समाज के लिए महत्वपूर्ण है। वहीं दिव्यांगजनों में भी ईश्वर द्वारा कोई न कोई अंतर्निहित प्रतिभा प्रदान की गई है। उन्हें समाज की प्रगति में सहभागी बनाने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक है।अतिथियों ने कहा कि वृद्ध एवं दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सरकार की ओर से विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। पेंशन, आवास, बैंक ऋण, शिक्षा, कौशल प्रशिक्षण तथा आवागमन एवं श्रवण संबंधी सहायक उपकरण जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।शिविर में रायरंगपुर प्रखंड एवं नगरपालिका क्षेत्र से चिन्हित कुल 232 लाभार्थियों, जिनमें 89 दिव्यांगजन एवं 143 वृद्धजन शामिल थे, को उनकी आवश्यकता के अनुसार 26 प्रकार के विभिन्न सहायक उपकरण वितरित किए गए। इन उपकरणों की अनुमानित कीमत करीब 22 लाख रुपये बताई गई है।वितरित उपकरणों में 3 बैटरी चालित मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, 29 बड़ी एवं 1 छोटी ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, स्मार्टफोन, रोलेटर, श्रवण यंत्र, स्पाइनल सपोर्ट तथा ब्रेल केन सहित विभिन्न प्रकार के सहायक उपकरण शामिल थे।कार्यक्रम के सफल आयोजन में एएलआईएमसीओ के कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।
मयूरभंज से हिमांशु शेखर प्रहराज की रिपोर्ट।