बारीपदा, 19/9: कक्षा चौथी से आठवीं तक की पाठ्यपुस्तकों में मौजूद त्रुटियों को सुधारने तथा विद्यार्थियों को संशोधित नई पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध कराने की मांग को लेकर नवनिर्माण किसान संगठन की ओर से शनिवार को मयूरभंज जिलाधिकारी कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया गया। इस दौरान संगठन की ओर से छह सूत्री मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम जिलाधिकारी को ज्ञापन भी सौंपा गया।संगठन की ओर से आरोप लगाया गया कि कक्षा चौथी से आठवीं तक की पाठ्यपुस्तकों में करीब 1678 त्रुटियां हैं। इन त्रुटियों को तत्काल संशोधित कर विद्यार्थियों को सही एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की व्यवस्था करने की मांग संगठन ने की है।संगठन के अनुसार, पाठ्यपुस्तकों की त्रुटियों में सुधार एवं नई किताबें उपलब्ध कराने सहित छह सूत्री मांगों को लेकर नवनिर्माण छात्र संघ के प्रदेश अध्यक्ष भुवनेश्वर लोए पीएमजी चौक, भुवनेश्वर में 20 अगस्त से धरना एवं अनशन पर बैठे हैं।संगठन ने आरोप लगाया कि बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए नवनिर्माण किसान एवं छात्र संघ के संस्थापक अक्षय कुमार लगातार 13 दिनों तक अनशन पर बैठे रहे, लेकिन इसके बावजूद सरकार की ओर से पाठ्यपुस्तकों में सुधार की दिशा में अपेक्षित कदम नहीं उठाया गया।नवनिर्माण किसान संगठन के मयूरभंज जिला अध्यक्ष प्राणबंधु पलाई के नेतृत्व में चिनू दास, राइमणि बिश्वाल, प्रशांत करण, करण टुडू, रामसाई हेम्ब्रम, रवींद्र पोथाल, सालखान मुर्मू, श्रवण छाटिया, दलुराम सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता प्रदर्शन में शामिल हुए।संगठन की ओर से मांग की गई कि पाठ्यपुस्तकों में मौजूद सभी त्रुटियों को तत्काल दूर कर विद्यार्थियों को संशोधित एवं सही पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध कराई जाएं तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।
मयूरभंज से हिमांशु शेखर प्रहराज।