बबीना (झांसी): बुंदेलखंड क्षेत्र की आस्था और श्रद्धा के प्रमुख केंद्र ‘छावनी बाग के राजा’ के दरबार में आज भक्ति और उल्लास का अद्भुत नजारा देखने को मिला। गणेशोत्सव के पावन अवसर पर छावनी परिषद बबीना के अधिशाषी अधिकारी (CEO) अभिषेक बिंद एवं परिषद के समस्त सदस्यों ने दरबार में पहुंचकर विघ्नहर्ता भगवान गणेश का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया।
विशेष पूजन कार्यक्रम के दौरान CEO अभिषेक बिंद और परिषद के सदस्यों ने मुख्य आरती में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने भगवान गणेश से समस्त बबीना क्षेत्र एवं बुंदेलखंड की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की प्रार्थना की।
पूजन-अर्चन के दौरान पूरा परिसर ‘गणपति बप्पा मोरया’ और ‘छावनी बाग के राजा की जय’ के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति के बीच पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।