तीन शिक्षकों की शिकायत पर प्रबंधक ने डीएम को लिखा पत्र
कहा, पुराने मामलों को उछाल कर धूमिल की जा रही विद्यालय की छवि
डुमरियागंज, सिद्धार्थनगर। डुमरियागंज तहसील क्षेत्र के श्रीराम जानकी इंटर कॉलेज गिरधरपुर कुनगाई के तीन शिक्षकों की ओर से 15 सितंबर को की गई शिकायत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। विद्यालय प्रबंधन ने इस मामले में अपना पक्ष रखते हुए जिलाधिकारी सिद्धार्थनगर को पत्र भेजा है।
विद्यालय के प्रबंधक ने डीएम को भेजे पत्र में कहा है कि शिक्षक साजिद अली, सत्य नाथ मिश्र और भारत प्रसाद यादव की ओर से की गई शिकायत पूरी तरह पुरानी, निराधार और कूटरचित है। यह विद्यालय की छवि को धूमिल करने की साजिश है।
प्रबंधक ने पत्र में उल्लेख किया है कि वह श्रीराम जानकी इंटर कॉलेज गिरधरपुर के संस्थापक प्रधानाचार्य रहे हैं और 31 मार्च 2017 को राज्य अध्यापक पुरस्कार प्राप्त कर सेवानिवृत्त हुए हैं।
उन्होंने कहा कि संबंधित शिक्षकों की ओर से वर्ष 1996 से ही विद्यालय प्रबंधन से जुड़े विभिन्न मामलों को लेकर लगातार शिकायतें की जा रही हैं। शिकायतों और न्यायालयी प्रक्रिया के माध्यम से प्रबंधन को बार-बार परेशान किया जा रहा है।
प्रबंधक का कहना है कि यह पूरा प्रकरण पहले ही न्यायालय, विभाग और शासन स्तर से निस्तारित हो चुका है। ऐसे में बार-बार एक ही प्रकरण को उठाकर शिकायत करना विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण को प्रभावित कर रहा है और संस्था की छवि धूमिल हो रही है।
प्रबंधक ने जिलाधिकारी सिद्धार्थनगर शिवशरणप्पा जीएन से मांग की है कि न्यायहित में इस प्रकरण को निक्षेपित किया जाना आवश्यक है।