वाराणसी। गुजरात के वडनगर से काशी के लिए निकली सेवा संकल्प बाइक यात्रा 7 अक्टूबर को वाराणसी पहुंचेगी। यात्रा के समापन अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मौजूद रहने का कार्यक्रम है। काशी पहुंचने वाले सेवा यात्रियों का स्वागत करने के बाद गृह मंत्री समापन समारोह में शामिल होंगे।
यात्रा के समापन से पहले शहर में सेवा यात्रियों के स्वागत की तैयारियां शुरू हो गई हैं। वाराणसी की सीमा में प्रवेश करते ही अलग-अलग स्थानों पर यात्रियों का स्वागत किया जाएगा। इसके लिए भाजपा संगठन और जिला प्रशासन की ओर से स्थानों को चिह्नित करने की प्रक्रिया चल रही है। स्वागत केंद्रों पर राज्यमंत्री और विधायकों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
बाबा विश्वनाथ को अर्पित होगा गुजरात की नदियों का जल
वडनगर से आने वाले सेवा यात्री अपने साथ गुजरात की नदियों का जल भी लेकर पहुंचेंगे। इसी जल से श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में बाबा का जलाभिषेक किया जाएगा। यात्रा के समापन कार्यक्रम के दौरान मंदिर में दर्शन-पूजन और महारुद्राभिषेक का कार्यक्रम भी रखा गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ प्रदेश सरकार के कई मंत्री इसमें शामिल हो सकते हैं।
केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. हेमांग जोशी तथा प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्रा समेत अन्य नेताओं के भी कार्यक्रम में पहुंचने की संभावना है। एनडीए के अन्य वरिष्ठ नेताओं को आमंत्रित करने पर भी विचार किया जा रहा है।
6 अक्टूबर को वाराणसी पहुंचेंगे गुजरात के यात्री
वडनगर से काशी के लिए रवाना हुआ दल 6 अक्टूबर तक वाराणसी पहुंच जाएगा। इसके बाद यात्रियों को निर्धारित स्थानों पर ठहराया जाएगा। अगले दिन उन्हें काशी विश्वनाथ मंदिर ले जाने की व्यवस्था रहेगी। वहीं काशी से वडनगर के लिए रवाना हुआ दल 5 अक्टूबर को अपने गंतव्य वडनगर पहुंचेगा।
यात्रियों के ठहरने और आवागमन से लेकर स्वागत कार्यक्रम तक की व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासनिक स्तर पर भी तैयारी की जा रही है। यात्रा के मार्ग में पड़ने वाले प्रमुख स्थानों पर स्वागत की जिम्मेदारी स्थानीय जनप्रतिनिधियों को दी जाएगी।
जाल्हूपुर विश्वविद्यालय के उद्घाटन में भी शामिल हो सकते हैं शाह
गृह मंत्री अमित शाह के वाराणसी दौरे के दौरान जाल्हूपुर स्थित राष्ट्रीय फॉरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय के उद्घाटन का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है। विश्वविद्यालय को लेकर तैयारियां पहले से चल रही हैं। संस्थान के शुरू होने के बाद फॉरेंसिक जांच से जुड़ी सुविधाओं को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
17 सितंबर को काशी और वडनगर से एक साथ रवाना हुई थीं यात्राएं
सेवा संकल्प बाइक यात्रा की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर को हुई थी। काशी और वडनगर से एक साथ दो यात्राएं निकाली गई थीं। वाराणसी में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 250 बाइक पर सवार करीब 500 युवाओं के दल को हरी झंडी दिखाकर वडनगर के लिए रवाना किया था।
इसी दिन वडनगर से काशी आने वाली यात्रा को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल समेत अन्य नेताओं की मौजूदगी में रवाना किया गया था। करीब 20 दिन तक चलने वाली दोनों यात्राओं का समापन 7 अक्टूबर को निर्धारित है।
10 राज्यों के 193 जिलों से होकर गुजरेगा काशी का दल
काशी से वडनगर जाने वाली बाइक यात्रा का रूट कई राज्यों से होकर तय किया गया है। यात्रा 10 राज्यों के 193 जिलों, 773 तहसीलों और 1,159 गांवों से होकर गुजरेगी। इसमें एक हजार से अधिक युवाओं के शामिल होने की योजना है। यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर स्वच्छता समेत सेवा से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।