वाराणसी। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के आगमन हॉल में रविवार रात अचानक फॉल सीलिंग का एक हिस्सा भरभराकर नीचे गिर गया। सीलिंग गिरने से तेज आवाज हुई, जिससे वहां मौजूद यात्रियों में कुछ देर के लिए अफरातफरी मच गई। हालांकि, गनीमत रही कि हादसे में कोई यात्री या कर्मचारी घायल नहीं हुआ। मौके पर मौजूद एक सफाईकर्मी भी बाल-बाल बच गया।
घटना रात करीब नौ बजे की बताई गई है। एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार, उस समय विमानों के आगमन के बाद टर्मिनल के आगमन हॉल में करीब 100 यात्री मौजूद थे। इनमें कुछ विदेशी पर्यटक भी शामिल थे। इसी दौरान अचानक ऊपर लगी फॉल सीलिंग का एक हिस्सा नीचे आ गिरा। तेज आवाज सुनकर यात्री सहम गए और कुछ देर के लिए हॉल में अफरातफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जिस स्थान पर सीलिंग गिरी, वहां सफाई का काम चल रहा था। संयोग से सफाईकर्मी समय रहते वहां से हट गया, जिससे वह इसकी चपेट में आने से बच गया।
एयरपोर्ट निदेशक पुनीत गुप्ता ने बताया कि रविवार रात टर्मिनल बिल्डिंग के आगमन हॉल में फॉल सीलिंग का एक हिस्सा गिरा था। घटना में किसी यात्री या कर्मचारी को चोट नहीं आई है। सोमवार को क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत करा दी गई।