वाराणसी। भूख और जरूरत इंसान को कितनी दूर तक ले जा सकती है, इसकी एक तस्वीर काशी में सामने आई। मुगलसराय से पैदल चलकर एक मुस्लिम युवक वाराणसी के अन्नपूर्णा मंदिर स्थित अन्न क्षेत्र पहुंच गया। युवक को हाई सिक्योरिटी जोन में टोपी पहने देखकर पुलिस ने रोक लिया। तलाशी के दौरान उसके पास चाकू मिलने से पुलिस सतर्क हो गई और उसे पूछताछ के लिए अलग ले जाया गया।
पूछताछ में युवक की पहचान शाहिद जमाल पुत्र कमरुद्दीन, निवासी नवापुरा, मुगलसराय के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, शाहिद ने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद खराब है और कई बार उसे पेट भर भोजन तक नसीब नहीं होता। अन्नपूर्णा मंदिर के अन्न क्षेत्र में निशुल्क भोजन मिलने की जानकारी उसे मिली थी, जिसके बाद वह भोजन की तलाश में वहां पहुंचा था।
काम की तलाश में निकला था, नहीं मिली मजदूरी
पुलिस के मुताबिक, शाहिद सुबह करीब आठ बजे मुगलसराय से पैदल वाराणसी के लिए निकला था। बुलानाला पहुंचने के बाद उसने मजदूरी की तलाश की, लेकिन काम नहीं मिला। इसके बाद उसे अन्नपूर्णा मंदिर के अन्न क्षेत्र में निशुल्क भोजन मिलने की जानकारी मिली। वह वहां भोजन करने के लिए चला गया।
पुलिस को उसके पास चाकू मिलने पर पूछताछ की गई। शाहिद ने बताया कि वह आयोजनों में सब्जी काटने का काम करता है और इसी काम के लिए चाकू अपने साथ रखता है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में उसकी ओर से किसी संदिग्ध गतिविधि या मंशा की पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस और अन्य एजेंसियां उससे पूछताछ कर रही हैं।
अन्न क्षेत्र में जरूरतमंदों को मिलता है भोजन
काशी विश्वनाथ मंदिर के समीप स्थित अन्नपूर्णा मंदिर के अन्न क्षेत्र में श्रद्धालुओं और जरूरतमंदों के लिए नियमित रूप से भोजन की व्यवस्था की जाती है। यहां आने वाले लोगों को भोजन के लिए किसी विशेष पहचान या पूछताछ की आवश्यकता नहीं होती। मंदिर प्रशासन की ओर से मां अन्नपूर्णा की सेवा भावना के तहत लोगों को भरपेट भोजन उपलब्ध कराया जाता है।
दिनभर अन्न क्षेत्र में लोग भोजन के लिए पहुंचते हैं। एक व्यक्ति के भोजन करने के बाद दूसरे लोगों के लिए व्यवस्था जारी रहती है। रोजाना बड़ी संख्या में लोग यहां भोजन करते हैं।
थानाध्यक्ष ने कहा- भूख की वजह से पहुंचा था युवक
दशाश्वमेध थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह के अनुसार, पूछताछ में सामने आया कि शाहिद जमाल मुगलसराय का रहने वाला है और उसके परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है। वह आयोजनों में सब्जी काटने के लिए चाकू रखता था। अन्नपूर्णा मंदिर में भोजन मिलने की जानकारी होने पर वह वहां पहुंचा था।
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक पूछताछ में युवक की कोई संदिग्ध मंशा सामने नहीं आई है। सुरक्षा जांच और पूछताछ पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।