सेवा संकल्प अभियान बना 9 वर्षीय दीपेश के लिए वरदान, दो घंटे में मिला दिव्यांगता प्रमाण पत्र
बालोद, 18 सितंबर 2026। राज्य शासन के ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित दिव्यांगजन सहयोग कार्यक्रम में डौंडीलोहारा विकासखंड के ग्राम लुरकाझर निवासी 9 वर्षीय दीपेश कुमार को त्वरित राहत मिली। करीब एक वर्ष से दिव्यांगता प्रमाण पत्र के लिए परेशान दीपेश के परिजनों को विशेष शिविर में महज दो घंटे के भीतर प्रमाण पत्र उपलब्ध कराया गया। साथ ही बालक के लिए कैलिपर तैयार करने के लिए पैरों का नाप भी लिया गया।
बताया गया कि गांव में खेलते समय गिरने से दीपेश के पैर में गंभीर चोट आई थी। लंबे उपचार के बावजूद उसके चलने-फिरने में परेशानी बनी रही। परिजन पिछले करीब एक वर्ष से उसका दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनवाने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन आवागमन में परेशानी के कारण प्रक्रिया पूरी नहीं हो पा रही थी।
विशेष शिविर में गांव से आने-जाने के लिए निःशुल्क बस की व्यवस्था की गई थी। शिविर में मेडिकल बोर्ड की विशेषज्ञ टीम ने दीपेश का परीक्षण कर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कीं और दो घंटे के भीतर दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी किया। इसके साथ ही कैलिपर निर्माण की प्रक्रिया के लिए मौके पर ही नाप लिया गया।
एक ही दिन में प्रमाण पत्र मिलने और कैलिपर की प्रक्रिया शुरू होने से दीपेश के परिजनों को बड़ी राहत मिली। उन्होंने शिविर में मिली त्वरित सहायता के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। परिजनों ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ उनके बच्चे की समस्या के समाधान की दिशा में नई उम्मीद लेकर आया है।
