वैगनआर ने बाइक सवार दो राजमिस्त्री को मारी टक्कर,घायल।
अलापुर। कस्बा सखानू से खाना खाकर अलापुर लौट रहे बाइक सवार दो राजमिस्त्रियों को ककराला मोड़ के पास तेज रफ्तार वैगनआर कार ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा, जहां उनका उपचार चल रहा है। पुलिस ने कार और चालक को हिरासत में ले लिया है।
घायलों की पहचान बरेली जिले के भमौरा थाना क्षेत्र के गांव यूसुफपुर निवासी अब्दुल रहमान पुत्र मोहम्मद इलियास खान और कमाल अहमद खान पुत्र नवाब अहमद के रूप में हुई है। दोनों अलापुर में एक मकान के निर्माण कार्य में राजमिस्त्री का काम कर रहे हैं और रात में वहीं रुकते हैं।
बताया गया कि रविवार रात दोनों खाना खाने के लिए सखानू गए थे। खाना खाने के बाद बाइक से अलापुर लौट रहे थे। एमएफ हाईवे पर ककराला मोड़ के पास पहुंचते ही तेज रफ्तार वैगनआर कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल रेफर कराया। सीओ दातागंज अशेष नाथ सिंह ने बताया कि दोनों घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। कार और चालक पुलिस हिरासत में हैं। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।