उरई(जालौन):
जनपद की सड़कों को सुगम और सुरक्षित बनाने की दिशा में जिलाधिकारी समीर के निर्देश पर सोमवार से जनपद में गड्ढामुक्ति अभियान शुरू कर दिया गया है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए चिन्हित मार्गों पर लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क की खराब सतह और गड्ढों को दुरुस्त करने का कार्य कराया जाएगा।अभियान के पहले चरण में उरई क्षेत्र के पांच मार्गों की कुल 63 किलोमीटर लंबाई को गड्ढामुक्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।अभियान के तहत कोंच-पहाड़गांव-कमतरि मार्ग और बंगरा रेडर- लगामपुरा मार्ग के 15-15 किलोमीटर हिस्से में मरम्मत कार्य कराया जाए रहा है। इसके साथ ही हमीरपुर- कालपी मार्ग के 20 किलोमीटर, आटा-चुर्खी मार्ग से नूरपुर संपर्क मार्ग के 3 किलोमीटर तथा जालौन-चुर्खी मार्ग के 10 किलो मीटर हिस्से को भी गड्ढामुक्त किया जाए रहा है। जिलाधिकारी के निर्देश के बाद संबंधित खंडों के अधिशासी अभियंताओं ने चिन्हित मार्गों पर कार्यवाही शुरू कर दी है। हमीरपुर-कालपी मार्ग एसएच-91 श्रेणी में आता है, जबकि अन्य चिन्हित मार्गों में ओडीआर और ग्रामीण संपर्क मार्ग शामिल हैं। अभियान के जरिए सड़कों की स्थिति में सुधार के साथ ही राहगीरों और वाहन चालकों को बेहतर एवं सुरक्षित आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। जिला प्रशासन की ओर से गड्ढामुक्ति कार्य में गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि चिन्हित मार्गों पर आवागमन की परेशानी दूर हो और सड़कों की स्थिति में प्रभावी सुधार दिखाई दे। आगामी चरणों में आवश्यकता के अनुसार अन्य मार्गों को भी अभियान में शामिल किए जाने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी।
(अनिल कुमार ओझा, ब्यूरो प्रमुख,ITN)