सोनभद्र। प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में सेवा संकल्प अभियान एवं जनपद में संचालित विकासपरक व जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का लाभ अंतिम पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित करें तथा सौंपे गए दायित्वों का समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन हो।
मंत्री श्री विश्वकर्मा ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति के लिए टीम गठित कर स्थलीय सत्यापन कराने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालयों का नियमित निरीक्षण कर पठन पाठन एवं मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने पर जोर दिया।
पारदर्शिता व गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश
समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार गौड़ ने योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, गुणवत्ता एवं पात्र लाभार्थियों तक लाभ की पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने सभी निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। डीएम चर्चित गौड़ ने अधिकारियों से प्रत्येक कार्यक्रम की कार्ययोजना समय से तैयार करने और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा।
मंत्री ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान महज कार्यक्रमों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसका उद्देश्य सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और विकास की भावना को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना होना चाहिए। बैठक में सीडीओ जागृति अवस्थी, एडीएम वागीश कुमार शुक्ला सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।