नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति बालोद को अखिल भारतीय स्तर पर ‘नराकास प्रोत्साहन सम्मान’
बालोद, छत्तीसगढ़, 22 सितंबर 2026: नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, बालोद को वर्ष 2025-26 के लिए अखिल भारतीय स्तर पर ‘नराकास प्रोत्साहन सम्मान’ की प्रशंसनीय श्रेणी में पुरस्कार प्राप्त हुआ है। भारत सरकार के गृह मंत्रालय के राजभाषा विभाग द्वारा आयोजित हिंदी दिवस 2026 एवं छठे अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन में समिति को यह सम्मान प्रदान किया गया।
यह कार्यक्रम 14 और 15 सितंबर को नवी मुंबई स्थित सिडको प्रदर्शनी केंद्र में आयोजित हुआ। नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, बालोद की ओर से समिति अध्यक्ष एवं अग्रणी जिला प्रबंधक आदर्श बेले तथा सदस्य सचिव ने सम्मान प्राप्त किया।
समिति द्वारा शासकीय एवं कार्यालयीन कार्यों में राजभाषा हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग, हिंदी में कार्य करने के लिए प्रोत्साहन और राजभाषा संबंधी गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न प्रयास किए जा रहे हैं। इन्हीं प्रयासों के लिए समिति को राष्ट्रीय स्तर पर यह सम्मान मिला है।
कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों को उपलब्धि पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह जिले के लिए गौरव का विषय है और शासकीय कार्यों को सरल एवं प्रभावी बनाने के लिए हिंदी के अधिकाधिक उपयोग को बढ़ावा देने के प्रयास निरंतर जारी रहने चाहिए।

