‘नमो सेवा अनकही कहानियां’ में विद्यार्थियों ने नाट्य प्रस्तुति से दिया सेवा का संदेश
बालोद, छत्तीसगढ़, 23 सितंबर 2026: सेवा संकल्प अभियान के तहत घनश्याम सिंह गुप्त शासकीय महाविद्यालय, बालोद में ‘नमो सेवा अनकही कहानियां’ संगीतमय नाट्य प्रस्तुति का आयोजन किया गया। महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन और सेवाकाल से जुड़े विभिन्न पहलुओं को नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से मंचित किया।
विद्यार्थियों के अभिनय, संवाद और संगीत प्रस्तुति ने दर्शकों को कार्यक्रम से जोड़े रखा। नाटक के माध्यम से सेवा, स्वच्छता, सामाजिक सहभागिता और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि यशवंत जैन ने सेवा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सेवा को केवल किसी विशेष अवसर तक सीमित न रखकर जीवन का हिस्सा और संस्कार बनाया जाना चाहिए। उन्होंने युवाओं से स्वच्छता, बुजुर्गों के सम्मान और समाजहित से जुड़े कार्यों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
उन्होंने युवाओं को सकारात्मक बदलाव में भागीदारी के लिए प्रेरित करते हुए कवि दुष्यंत कुमार की पंक्तियों के माध्यम से संदेश दिया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती तारिणी पुष्पेंद्र चंद्राकर, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि चेमन देशमुख, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सरस्वती टेमरिया, पवन साहू, राकेश यादव (छोटू), प्राचार्य जेके खलखो, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और दर्शकों ने विद्यार्थियों की अभिनय कला, संवाद प्रस्तुति और मंचीय प्रतिभा की सराहना की। अंत में डिप्टी कलेक्टर आशीष पेंद्रो ने आभार प्रदर्शन किया।


