*पितृपक्ष मेला के दूसरे दिन विष्णुपद क्षेत्र में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, जिला पदाधिकारी ने स्वयं मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का लिया जायजा*
गया, 27 सितंबर 2026, पितृपक्ष मेला 2026 के दूसरे दिन आज विष्णुपद क्षेत्र में देश के विभिन्न राज्यों से आए तीर्थयात्रियों एवं श्रद्धालुओं की काफी भीड़ देखने को मिली। बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपने पूर्वजों के निमित्त पिंडदान एवं तर्पण करने के लिए विष्णुपद मंदिर एवं आसपास के घाटों पर पहुंचे। श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए जिला पदाधिकारी, गया श्री शशांक शुभंकर स्वयं विष्णुपद क्षेत्र पहुंचे और करीब तीन घंटे तक लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिला पदाधिकारी ने विष्णुपद मंदिर क्षेत्र, घाट एवं श्रद्धालुओं के आवागमन वाले मार्गों का पैदल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भीड़ नियंत्रण, श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन, कतार व्यवस्था, साफ-सफाई, स्वयंसेवकों की तैनाती सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।
*भीड़ को व्यवस्थित एवं नियंत्रित रखने के लिए जिला पदाधिकारी स्वयं श्रद्धालुओं के बीच पहुंचकर उन्हें कतारबद्ध करवाते नजर आए। उन्होंने मौके पर तैनात पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि किसी भी स्थिति में भीड़ को अनियंत्रित नहीं होने दिया जाए तथा श्रद्धालुओं को निर्धारित कतार के माध्यम से सुरक्षित एवं सुगम तरीके से मंदिर एवं घाट तक पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।*
*NCC एवं स्काउट गाइड के बच्चों की सेवा भावना की डीएम ने की सराहना*
विष्णुपद क्षेत्र में NCC एवं स्काउट गाइड के बच्चे लगातार श्रद्धालुओं को कतारबद्ध कराने, उन्हें सही दिशा में आगे बढ़ाने तथा आवश्यक सहयोग प्रदान करने में जुटे हुए थे। जिला पदाधिकारी ने स्वयं इन बच्चों के कार्यों को देखा और उनकी सेवा भावना की सराहना की।
उन्होंने कहा कि जिस समर्पण और अनुशासन के साथ NCC एवं स्काउट गाइड के बच्चे तीर्थयात्रियों की सहायता कर रहे हैं, वह सराहनीय है। उन्होंने बच्चों से कहा कि वे इसी तरह पूरी सेवा भावना के साथ श्रद्धालुओं की मदद करते रहें तथा विशेष रूप से वृद्धजनों, महिलाओं एवं जरूरतमंद तीर्थयात्रियों का विशेष ध्यान रखें।
*वृद्ध एवं जरूरतमंद श्रद्धालुओं को व्हीलचेयर से पहुंचाया जा रहा घाट एवं मंदिर*
विष्णुपद क्षेत्र में कुछ स्वयंसेवी युवाओं एवं बच्चों द्वारा वृद्ध एवं असहाय श्रद्धालुओं को व्हीलचेयर के माध्यम से घाट एवं मंदिर तक पहुंचाकर दर्शन एवं पिंडदान में सहयोग किया जा रहा है। जिला पदाधिकारी ने इस सेवा कार्य को भी देखा तथा स्वयंसेवकों की सराहना की।
उन्होंने कहा कि पितृपक्ष मेला केवल धार्मिक आस्था का आयोजन ही नहीं, बल्कि सेवा, सहयोग एवं मानवता की भावना का भी प्रतीक है। वृद्ध एवं दिव्यांग श्रद्धालुओं को जिस प्रकार स्वयंसेवकों द्वारा सहयोग दिया जा रहा है, उससे तीर्थयात्रियों को काफी सुविधा मिल रही है। उन्होंने स्वयंसेवकों को इसी समर्पण के साथ आगे भी कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया।
*साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर नगर आयुक्त को दिए आवश्यक निर्देश*
जिला पदाधिकारी ने विष्णुपद क्षेत्र एवं घाटों का निरीक्षण करते हुए साफ-सफाई की व्यवस्था का भी जायजा लिया। उन्होंने नगर आयुक्त को निर्देश दिया कि मेला क्षेत्र में कहीं भी गंदगी दिखाई नहीं देनी चाहिए। श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या को देखते हुए लगातार एवं प्रभावी सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने निर्देश दिया कि विष्णुपद क्षेत्र, घाटों, आने-जाने वाले मार्गों एवं श्रद्धालुओं की आवाजाही वाले प्रमुख स्थानों पर सफाई कर्मियों की लगातार तैनाती रहे तथा आवश्यकता के अनुसार तत्काल सफाई कराई जाए। कूड़ा-कचरा जमा होने की स्थिति उत्पन्न न हो तथा स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहने पाए।
*जिला पदाधिकारी ने नगर निगम के सफाई कर्मियों द्वारा लगातार किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि मेला अवधि में जिस तत्परता और मेहनत से निगम कर्मी लगातार सफाई व्यवस्था को बनाए रखने में जुटे हुए हैं, वे प्रशंसा के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि पितृपक्ष की पूरी अवधि में इसी प्रकार निरंतर एवं बेहतर सफाई व्यवस्था बनाए रखने से गया आने वाले देश-विदेश के तीर्थयात्रियों के बीच सकारात्मक संदेश जाएगा।*
*श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता*
जिला पदाधिकारी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों एवं कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि पितृपक्ष मेला के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता में रहे। भीड़ बढ़ने की स्थिति में अतिरिक्त सतर्कता बरतते हुए कतार व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने, श्रद्धालुओं को अनावश्यक परेशानी न हो तथा सभी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि पितृपक्ष मेला में देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालु गया आते हैं। जिला प्रशासन का प्रयास है कि सभी तीर्थयात्रियों को सुरक्षित, सुगम, स्वच्छ एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जाए। इसके लिए प्रशासन, नगर निगम, पुलिस, स्वयंसेवी संगठनों, NCC, स्काउट गाइड एवं अन्य सभी संबंधित विभागों द्वारा समन्वित रूप से लगातार कार्य किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने मौके पर तैनात पदाधिकारियों, पुलिस बल, स्वयंसेवकों एवं अन्य कर्मियों को पूरी तत्परता एवं सेवा भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया।
रिपोर्टर – त्रिलोकी नाथ गयाजी, बिहार