जिला प्रशासन–व्यवसायी संवाद में मोतिहारी की यातायात, सुरक्षा एवं व्यापारिक समस्याओं पर हुई विस्तृत चर्चा
चैंबर ने प्रशासन को सौंपा 20 सूत्री मांग एवं सुझाव-पत्र, अधिकांश समस्याओं के समाधान का पदाधिकारियों ने दिया आश्वासन
मोतिहारी चैंबर ऑफ कॉमर्स के तत्वावधान में सोमवार को होटल रामसन प्लाजा, छोटा बरियारपुर में “जिला प्रशासन–व्यवसायी संवाद” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य व्यवसायियों और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित कर शहर की यातायात, अतिक्रमण, सुरक्षा, पार्किंग, प्रदूषण एवं अन्य व्यापारिक समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस पहल करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। मंच पर जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, नगर निगम आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी सदर, सदर डीएसपी, मोतिहारी चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष महेश सिन्हा एवं महासचिव आलोक कुमार उपस्थित रहे। मंचासीन सभी अतिथियों का चैंबर की ओर से पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया गया।
कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम संयोजक अंगद सिंह ने किया। विगत वर्ष आयोजित प्रशासन–व्यवसायी संवाद की समीक्षात्मक रिपोर्ट पूर्व अध्यक्ष बीरेंद्र जालान ने प्रस्तुत की। इसके बाद चैंबर अध्यक्ष महेश सिन्हा ने अध्यक्षीय संबोधन में शहर की विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए प्रशासन से उनके व्यावहारिक समाधान की दिशा में आवश्यक पहल का आग्रह किया।
20 सूत्री मांग एवं सुझाव-पत्र सौंपा
चैंबर की ओर से प्रशासन को 20 सूत्री मांग एवं सुझाव-पत्र सौंपा गया। इसमें मुख्य रूप से निम्न मुद्दे शामिल रहे—
– शहर में लागू एकतरफा यातायात व्यवस्था की समीक्षा कर उसे और प्रभावी बनाया जाए।
– ई-रिक्शा के लिए निर्धारित मार्ग एवं क्षेत्र व्यवस्था लागू की जाए तथा प्रमुख स्थानों पर निर्धारित पड़ाव बनाए जाएं।
– ई-रिक्शा चालकों के लाइसेंस एवं आवश्यक दस्तावेजों की जांच तथा यातायात नियमों का प्रशिक्षण कराया जाए।
– निजी विद्यालयों के लिए विद्यालय यातायात प्रबंधन योजना बनाई जाए।
– स्कूल बसों के लिए निर्धारित चढ़ाने एवं उतारने के स्थान बनाए जाएं तथा संकरी गलियों में बड़े स्कूल वाहनों के प्रवेश को नियंत्रित किया जाए।
– प्रमुख परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा के दिनों में विशेष यातायात व्यवस्था, वाहन खड़ा करने के स्थान एवं आवश्यक यातायात बल की व्यवस्था हो।
– बाजारों में ठेला एवं फेरी लगाने वालों के लिए निर्धारित क्षेत्र बनाए जाएं तथा प्रमुख यातायात मार्गों को अतिक्रमण से मुक्त रखा जाए।
– डीजल इंजन से बनाए अथवा संशोधित किए गए वाहनों की संयुक्त जांच कर सुरक्षा एवं वैधानिक मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए।
– मुख्य बाजारों, चौराहों एवं दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में आवारा पशुओं पर नियमित नियंत्रण अभियान चलाया जाए।
– बलुआ-कचहरी सहित प्रमुख ओवरब्रिज के संपर्क मार्गों का संयुक्त निरीक्षण कर अतिक्रमण एवं अवैध पार्किंग को नियंत्रित किया जाए।
– प्रमुख बाजारों में दो पहिया एवं चार पहिया वाहनों के लिए व्यवस्थित पार्किंग की व्यवस्था की जाए।
– ई-रिक्शा पड़ाव एवं दुकानों तक माल पहुंचाने के लिए माल चढ़ाने-उतारने के निर्धारित स्थान बनाए जाएं।
– परिवर्तित साइलेंसर, तेज हॉर्न एवं अनावश्यक हॉर्न पर कार्रवाई करते हुए ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण किया जाए।
– अत्यधिक धुआं छोड़ने वाले वाहनों की जांच के लिए वायु प्रदूषण नियंत्रण अभियान चलाया जाए।
– प्रमुख बाजारों में सीसीटीवी कैमरों की निगरानी एवं रखरखाव सुनिश्चित किया जाए।
– व्यवसायियों की सुरक्षा के लिए रात्रि गश्त एवं आपातकालीन संपर्क व्यवस्था को मजबूत किया जाए।
– साइबर पुलिस द्वारा व्यापारियों के लिए साइबर अपराध जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं तथा ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव की जानकारी दी जाए।
– प्रमुख बाजारों में महिला सुरक्षा एवं शिकायत व्यवस्था को मजबूत किया जाए।
– जिला प्रशासन, पुलिस, नगर निगम, यातायात, परिवहन विभाग, विद्यालय प्रतिनिधियों एवं चैंबर के बीच नियमित समन्वय बैठक आयोजित की जाए।
– प्रत्येक बैठक में पूर्व में लिए गए निर्णयों की कार्रवाई प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए समस्याओं के समाधान के लिए समयबद्ध कार्ययोजना बनाई जाए।
अधिकांश समस्याओं के समाधान का आश्वासन
संवाद के दौरान व्यवसायियों द्वारा उठाए गए विभिन्न मुद्दों पर प्रशासन एवं पुलिस के पदाधिकारियों ने जानकारी ली और लगभग सभी प्रमुख समस्याओं के समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई एवं सहयोग का आश्वासन दिया। व्यवसायियों ने भी प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने में सहयोग का भरोसा दिलाया।
चैंबर ने प्रशासन के समक्ष यह प्रस्ताव भी रखा कि व्यवसायियों एवं प्रशासन के बीच निरंतर संवाद के लिए स्थायी समन्वय व्यवस्था बनाई जाए, ताकि समस्याओं की नियमित समीक्षा हो और लिए गए निर्णयों की प्रगति पर भी चर्चा की जा सके।
विभिन्न व्यापारिक संगठनों की रही सहभागिता
कार्यक्रम में बलुआ व्यवसायी संघ, पेट्रोलियम एसोसिएशन, स्वर्णकार संघ, प्लाईवुड एसोसिएशन, हिंदी बाजार, मोबाइल एसोसिएशन, केसरिया चैंबर, सगौली चैंबर, रामगढ़वा चैंबर, अरेराज चैंबर एवं घोड़ासहन चैंबर सहित विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
मोतिहारी चैंबर ऑफ कॉमर्स की ओर से सुधीर अग्रवाल, अनुपम जायसवाल, रविकृष्ण लोहिया, संजय जायसवाल,सुधांशु रंजन, सुधीर गुप्ता, विनय देवकुलियार, मेहुल लाल, हेमंत कुमार, डॉ. कमलेश कुमार, सुनील कुमार श्रीवास्तव, रोहित शाह, संजीव रंजन कुमार,डॉ. विवेक गौरव, मनीष कुमार एवं अनिल बोहरा सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में महासचिव आलोक कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, नगर निगम, सभी संबंधित विभागों, विभिन्न व्यापारिक संगठनों एवं उपस्थित व्यवसायियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि चैंबर का उद्देश्य प्रशासन से टकराव नहीं, बल्कि संवाद, सहयोग और समन्वय के माध्यम से सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं व्यवसाय-अनुकूल मोतिहारी का निर्माण करना है।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
रिपोर्ट अमरजीत सिंह