सोनभद्र।जनपद के चोपन थाना क्षेत्र के बसकटवा मोड़ के पास सोमवार को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, पतवध निवासी राजू (25) और सिंदुरिया निवासी गोविंदा (28) बाइक से रॉबर्ट्सगंज से अपने घर लौट रहे थे। बसकटवा मोड़ के पास पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई।
सूचना पर पहुंची चोपन पुलिस ने दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोपन पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया।