झांसी। DSD PRODUCTION HOUSE की आगामी वेबसीरीज एवं म्यूजिक वीडियो एल्बम के लिए झांसी में कलाकारों के चयन को लेकर ऑडिशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में झांसी सहित आसपास के क्षेत्रों से करीब 150 से 200 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया और अभिनय, मॉडलिंग, गायन, डांस सहित विभिन्न रचनात्मक विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
ऑडिशन के दौरान प्रतिभागियों ने संवाद अदायगी, गायन, नृत्य और मॉडलिंग के माध्यम से चयन टीम के सामने अपनी प्रस्तुतियां दीं। युवा कलाकारों में ऑडिशन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। प्रतिभागियों ने पूरे आत्मविश्वास के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए आगामी प्रोजेक्ट्स में काम करने के लिए अपनी दावेदारी पेश की।
DSD PRODUCTION HOUSE के डायरेक्टर दिलशेर दिल और सीमा सिंह ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया तथा ऑडिशन में शामिल कलाकारों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। आयोजकों ने बताया कि इस ऑडिशन का उद्देश्य बुंदेलखंड क्षेत्र की प्रतिभाओं को मनोरंजन जगत में आगे बढ़ने के लिए मंच उपलब्ध कराना है। चयनित कलाकारों को आगामी वेबसीरीज एवं म्यूजिक वीडियो एल्बम में काम करने का अवसर दिया जाएगा।
कार्यक्रम में निर्णायक मंडल में दतिया से जितेंद्र गौतम गुरु (डायरेक्टर), प्रसिद्ध इंफ्लूएंसर अरबाज खान, मिस बुंदेलखंड राधिका, प्रसिद्ध टीवी कॉमेडियन अरविंद सिसोदिया, सिनेमेटोग्राफर मयंक तथा फिल्म ‘हनुमान अंश’ में दरोगा की भूमिका निभाने वाले अजीम शेख शामिल रहे।
कार्यक्रम में इंस्टा क्वीन काजल सहित वीडियो एल्बम में काम कर चुके कलाकार सिकंदर खान, दीप्ति गौतम, अंकिता आनंद, आदिल खान, रोहित परमार, हेमंत विश्वकर्मा, शुभम, खुशी, प्रियांशी, सोनी, सिमरन, सपना, राधिका और शिवानी सहित अन्य कलाकारों की मौजूदगी रही।
आयोजकों के अनुसार, स्थानीय कलाकारों को फिल्म, वेबसीरीज और म्यूजिक वीडियो के क्षेत्र में अवसर उपलब्ध कराने के लिए भविष्य में भी इस तरह के ऑडिशन एवं कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ऑडिशन के माध्यम से झांसी और बुंदेलखंड के उभरते कलाकारों को मनोरंजन उद्योग में अपनी पहचान बनाने का अवसर मिलने की उम्मीद है।