जगदीशपुर थाना क्षेत्र के लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार ट्रक और टैंकर की जोरदार भिड़ंत हो गई।
अयोध्या बाईपास के पास हुए हादसे में दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। दुर्घटना के बाद हाईवे पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने से लंबा जाम लग गया।
टक्कर इतनी भीषण थी कि टैंकर चालक बिंदा पुत्र पृथ्वी पाल निषाद केबिन में फंस गया। वह फतेहपुर जिले के गोविंदपुर मड़ौकी का निवासी बताया गया है।
हादसे की सूचना मिलते ही जगदीशपुर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया और हाइड्रा की मदद से चालक को बाहर निकाला।
चालक के केबिन में बुरी तरह फंसे होने के कारण पुलिस और राहत टीम को उसे निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। हाइड्रा मशीन मगाकर क्षतिग्रस्त केबिन को हटाया गया, जिसके बाद चालक को बाहर निकाला जा सका। घायल चालक को उपचार के लिए सीएचसी जगदीशपुर भेजा गया है जहां उसका इलाज चल रहा है।