सोनभद्र। विश्व रेबीज दिवस के अवसर पर कृति नर्सिंग पैरामेडिकल महाविद्यालय राबर्ट्सगंज में सोमवार को जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की थीम “साथ मिलकर मजबूत बनें”रखी गई थी।
कार्यक्रम में प्रशिक्षणार्थियों को रेबीज की गंभीरता, बचाव और रोकथाम के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई। वक्ताओं ने बताया कि पशु के काटने या खरोंच लगने की स्थिति में घाव को तुरंत साबुन और बहते पानी से कम से कम 15 मिनट तक धोना चाहिए।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बिना किसी विलंब के निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर रेबीज रोधी टीकाकरण कराने की सलाह दी। साथ ही पालतू कुत्तों और बिल्लियों का समय समय पर नियमित टीकाकरण कराने का संदेश भी दिया गया।
बताया गया कि प्रत्येक वर्ष 28 सितंबर को विश्व रेबीज जागरूकता दिवस मनाया जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य लोगों को रेबीज जैसी घातक बीमारी के प्रति जागरूक करना और पालतू पशुओं के नियमित टीकाकरण को सुनिश्चित करना है।